मुंगेर: बहन को छेड़ने का विरोध करने पर 10वीं के छात्र की गोली मारकर हत्या, पुलिस थाने के पास वारदात
बिहार के मुंगेर जिले में एक पुराने विवाद को लेकर 15 साल के एक छात्र की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात शनिवार दोपहर जमालपुर के सफियासराय पुलिस स्टेशन के पास हुई, जिससे पूरे…
बिहार के मुंगेर जिले में एक पुराने विवाद को लेकर 15 साल के एक छात्र की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात शनिवार दोपहर जमालपुर के सफियासराय पुलिस स्टेशन के पास हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक की पहचान टाउन हाई स्कूल के छात्र इशांत कुमार के रूप में हुई है, जो नौलखा इलाके के रहने वाले ई-रिक्शा चालक चंदन कुमार का बेटा था।
परिवार का आरोप है कि इस हत्या के पीछे एक पुराना विवाद है, जो इशांत की बहन को परेशान करने से जुड़ा है। परिजनों ने बताया कि करीब दो महीने पहले इशांत और उसकी बहन हसरगंज के लाल का चौक के पास ट्यूशन पढ़ने जाते थे। वहां निरंजन कुमार और आयुष कुमार नाम के लड़के उसकी बहन को परेशान करते थे। जब इस बात पर आपत्ति जताई गई, तो बच्चों ने ट्यूशन जाना ही बंद कर दिया था।
समझौते के बहाने बुलाकर सिर में मारी गोली
शनिवार को हुई घटना के बारे में परिवार ने बताया कि इशांत सुबह स्कूल से घर लौटा था। कुछ देर बाद उसके दोस्त ऋतुराज ने बताया कि निरंजन और आयुष ने इशांत को पुराने विवाद को सुलझाने के बहाने बिजली ऑफिस बुलाया है। आरोप है कि जब इशांत वहां पहुंचा, तो निरंजन कुमार ने उसके सिर में गोली मार दी और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल इशांत को पहले एक निजी क्लिनिक ले गए। वहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की खबर मिलते ही मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी का निर्देश देते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यालय के डीएसपी अर्जुन कुमार गुप्ता भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। FSL टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं, जबकि पुलिस पुराने विवाद समेत अन्य पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस हत्याकांड में और कितने लोग शामिल थे। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
इनपुट: IANS



