गुरूवार, 19 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
राजस्थान

64 विला खरीद मामला: IAS शिखर अग्रवाल को हाईकोर्ट से राहत नहीं, ACB की जांच रहेगी जारी

राजस्थान के चर्चित 64 विला खरीद मामले में आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जांच पर रोक लगवाने के लिए उन्होंने राजस्थान…

64 विला खरीद मामला: IAS शिखर अग्रवाल को हाईकोर्ट से राहत नहीं, ACB की जांच रहेगी जारी
(फोटो: IANS)

राजस्थान के चर्चित 64 विला खरीद मामले में आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जांच पर रोक लगवाने के लिए उन्होंने राजस्थान हाईकोर्ट में जो याचिका दायर की थी, उसे अदालत ने खारिज कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने जांच पर रोक लगाने से इनकार करते हुए राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

विज्ञापन

अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 18 दिसंबर की तारीख तय की है। शिखर अग्रवाल ने 17 नवंबर को अपने खिलाफ हो रही एसीबी जांच को चुनौती देते हुए यह याचिका दायर की थी।

ACB ने दर्ज किया मामला, कई विभागों से मांगे दस्तावेज

इस मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने 18 नवंबर को आईएएस शिखर अग्रवाल और गोयल फैशन्स प्राइवेट लिमिटेड (अनंता रिसॉर्ट्स) के मालिकों के खिलाफ FIR दर्ज की थी। आरोपियों में कंपनी के निदेशक मुकुंद शरण गोयल और प्रबंध निदेशक संजय गोयल समेत अन्य लोग भी शामिल हैं। जांच को आगे बढ़ाते हुए एसीबी ने 20 अलग-अलग सरकारी विभागों से इस सौदे से जुड़े रिकॉर्ड और दस्तावेज मांगे हैं। जांच का जिम्मा एएसपी प्रशांत कौशिक को सौंपा गया है और जल्द ही सभी आरोपियों को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे।

क्या है पूरा विला खरीद मामला?

यह मामला शिखर अग्रवाल, उनकी आईपीएस पत्नी प्रशाखा माथुर और उनके परिवार द्वारा ढाई साल के भीतर एक ही कंपनी से कुल 64 विला/कॉटेज खरीदने से जुड़ा है। मामला सामने आने के बाद सरकार ने दोनों अधिकारियों को उनके पदों से हटाकर 'अवेइटिंग पोस्टिंग ऑर्डर्स' (एपीओ) पर डाल दिया था। इसके बाद 31 अक्टूबर को एसीबी ने शिखर अग्रवाल के खिलाफ प्रारंभिक जांच दर्ज की थी।

जांच में हुए चौंकाने वाले खुलासे

एसीबी की जांच में कई हैरान करने वाली बातें सामने आई हैं। पता चला है कि महज 35 दिन पहले ही शिखर अग्रवाल ने जयपुर के अनंता रिसॉर्ट में 24 विला खरीदे थे। इनमें से 12 विला उनके दो बेटों के नाम पर 11-11 लाख रुपए प्रति विला की दर से खरीदे गए, जबकि कंपनी के ब्रोशर में एक विला की कीमत 59 लाख रुपए बताई गई है।

जांच के अनुसार, 3 अक्टूबर 2023 को उदयपुर के बुझदा स्थित अनंता रिसॉर्ट में शिखर अग्रवाल और उनकी पत्नी के नाम 10-10 विला 15 लाख रुपए प्रति यूनिट की दर से खरीदे गए। उसी दिन इन विला को एक 'स्थायी पट्टा विलेख' के जरिए राजस्व-साझाकरण के लिए वापस कंपनी को दे दिया गया। इससे पहले, इसी साल 27 मार्च को अलवर के अजबगढ़ स्थित अनंता रिसॉर्ट में 20 और विला खरीदे गए थे, जो अग्रवाल, उनकी पत्नी, बेटों और सास-ससुर के नाम पर थे। इनकी कीमत 14 लाख से 16.5 लाख रुपए के बीच थी, जो डीएलसी दर से भी 3.5 से 4.5 लाख रुपए कम थी। एसीबी का आरोप है कि इस सौदे से कंपनी को करीब 2 करोड़ रुपए का अनुचित लाभ पहुंचाया गया।

इनपुट: IANS

N

News4Social राजस्थान डेस्क

News4Social राजस्थान डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राजस्थान से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →