बलूचिस्तान: BLA का दावा - एक हफ़्ते में 28 हमले, 52 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए
बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने सितंबर के पहले हफ़्ते में बलूचिस्तान के अलग-अलग हिस्सों में पाकिस्तानी सेना पर 28 हमले किए, जिनमें कम से कम 52 सैनिक मारे गए और कई घायल हुए…
बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने सितंबर के पहले हफ़्ते में बलूचिस्तान के अलग-अलग हिस्सों में पाकिस्तानी सेना पर 28 हमले किए, जिनमें कम से कम 52 सैनिक मारे गए और कई घायल हुए। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, BLA ने एक बयान जारी कर कहा कि इन हमलों में पाकिस्तानी सेना के बुनियादी ढाँचे को भी भारी नुकसान पहुँचाया गया है।
संगठन ने 1 से 7 सितंबर के बीच चलाए गए अपने अभियानों का ब्योरा देते हुए बताया कि उसके लड़ाकों ने कई सैन्य चौकियों और वाहनों पर क़ब्ज़ा कर बड़ी मात्रा में हथियार और सैन्य उपकरण भी ज़ब्त किए हैं। BLA ने यह भी कहा है कि बलूचिस्तान की "आज़ादी" तक पाकिस्तानी सेना के ख़िलाफ़ उसके ऑपरेशन जारी रहेंगे।
सितंबर के पहले हफ़्ते में हुए प्रमुख हमले
BLA के बयान के मुताबिक, उसके लड़ाकों ने प्रांत भर में कई बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया। संगठन ने दावा किया कि 3 सितंबर को उसके स्पेशल टैक्टिकल ऑपरेशन्स स्क्वाड (STOS) ने एक रिमोट-कंट्रोल विस्फोट के ज़रिए पाकिस्तानी सेना के काफ़िले को निशाना बनाया, जिसमें एक वाहन पूरी तरह नष्ट हो गया और सात जवान मौके पर ही मारे गए।
इसी तरह, मस्तुंग के खादकूचा इलाके में पहले एक IED विस्फोट से बख्तरबंद गाड़ी को उड़ाया गया और फिर घात लगाकर हमला किया गया। BLA का दावा है कि इस झड़प में चार सैनिक मारे गए और सात से ज़्यादा घायल हुए। कलात के टूक इलाके में भी इसी तरह का हमला किया गया, जिससे सेना को "भारी जान-माल का नुकसान" हुआ।
अन्य स्थानों पर हुए हमले और नुक़सान
संगठन के अनुसार, 7 सितंबर को खारन के अल्बाट में स्थित पाकिस्तानी सेना के मुख्य कैंप पर स्नाइपर हमले में एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई, जिसके बाद कैंप पर मोर्टार से भी गोले दागे गए। उसी दिन, क्वेटा के हज़ार गंजि इलाके में रहमत सईद नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसे BLA ने पाकिस्तानी मिलिट्री इंटेलिजेंस (MI) का "एजेंट" बताया। बयान में कहा गया, "सहयोगी बनकर रहमत दुश्मन सेना के लिए जासूसी करता था और क्षेत्रीय हमलों के दौरान उनके साथ रहता था।"
इसके अलावा, BLA ने झाल मगसी में सेना द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले एक गेस्ट हाउस को विस्फोटकों से उड़ाने और किला अब्दुल्ला के पास गजाबंद में सेना की एयरपोर्ट साइट पर हमला कर कंप्यूटर व अन्य उपकरण जलाने का भी दावा किया है।
इनपुट: IANS



