हिंद-प्रशांत में साझेदारी मज़बूत करने की कवायद, जापान के रक्षा मंत्री भारत और ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेंगे
हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा सहयोग को नई ऊंचाइयां देने के मकसद से जापान अपने दो प्रमुख सहयोगियों, ऑस्ट्रेलिया और भारत के साथ संबंधों को और गहरा करने जा रहा है। इसी सिलसिले में जापान के रक्षा…
हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा सहयोग को नई ऊंचाइयां देने के मकसद से जापान अपने दो प्रमुख सहयोगियों, ऑस्ट्रेलिया और भारत के साथ संबंधों को और गहरा करने जा रहा है। इसी सिलसिले में जापान के रक्षा मंत्री शिंजीरो कोइजुमी इस सप्ताह दोनों देशों के महत्वपूर्ण दौरे पर निकल रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS के हवाले से जापानी रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य रक्षा उपकरणों के संयुक्त विकास सहित सुरक्षा सहयोग को मजबूत करना है।
शिंजीरो कोइजुमी, जो जापान के पूर्व प्रधानमंत्री जुनिचिरो कोइजुमी के बेटे हैं और भविष्य में प्रधानमंत्री पद के संभावित दावेदार माने जाते हैं, अपने भारतीय समकक्ष राजनाथ सिंह और ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष रिचर्ड मार्ल्स से मुलाकात करेंगे।
ऑस्ट्रेलिया दौरा: मोगामी-क्लास युद्धपोत केंद्र में
अपनी यात्रा के पहले चरण में कोइजुमी मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया की राजधानी कैनबरा पहुंचेंगे। वहां वह उप प्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स के साथ द्विपक्षीय सुरक्षा और रक्षा सहयोग पर चर्चा करेंगे। बातचीत का मुख्य फोकस ऑस्ट्रेलिया द्वारा जापान के मोगामी-क्लास फ्रिगेट्स (युद्धपोत) हासिल करने की योजना पर रहेगा। दोनों देशों ने इस साल अप्रैल में ऑस्ट्रेलियाई नौसेना के लिए पहले तीन जहाजों के निर्माण का अनुबंध भी फाइनल किया था। यह यात्रा दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
भारत यात्रा: ड्रोन विकास और समुद्री सुरक्षा पर चर्चा
ऑस्ट्रेलिया के बाद कोइजुमी भारत आएंगे, जहां नई दिल्ली में उनकी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ पहली आधिकारिक बैठक होगी। इस बातचीत में जुलाई में हुए शिखर सम्मेलन के समझौते के आधार पर ड्रोन के संयुक्त विकास पर चर्चा होने की उम्मीद है। इसके अलावा, समुद्री सुरक्षा के लिए रक्षा उपकरणों और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर रहेगा।
दोनों मंत्री इस साल के अंत में टोक्यो में होने वाली 'टू-प्लस-टू' वार्ता (जिसमें दोनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्री शामिल होते हैं) के एजेंडे पर भी विचार-विमर्श करेंगे। जापानी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, कोइजुमी अपनी भारत यात्रा के दौरान एक भारतीय नौसेना बेस का भी दौरा करेंगे।
इनपुट: IANS



