अंकित बालियान हत्याकांड: ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर हमला, कहा - 'बेटे की लाश पर राजनीति सौदागरी है'
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने शामली के अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा निशाना साधा है। राजभर ने…
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने शामली के अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा निशाना साधा है। राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव इस हत्या पर 'जाट' लिखकर राजनीति कर रहे थे, जिसे उन्होंने संवेदना नहीं बल्कि 'सौदागरी' करार दिया।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट में लिखा, "अखिलेश जी, खबर पता चल गई ना? जिस अंकित बालियान की हत्या पर आप राजनीति करना चाहते थे, उसके हत्यारे वहीं पहुंच गए, जहां उनकी जगह थी। यानी नर्क। वैसे किसी बेटे की लाश पर जाट लिखकर राजनीति करना संवेदना नहीं, सौदागरी है।" उन्होंने आगे कहा कि हत्या मानवता के खिलाफ अपराध है, किसी गोत्र की जागीर नहीं।
चुनावी राजनीति पर सवाल
राजभर ने अखिलेश यादव की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा, "आपको जाट तब याद आया, जब चुनाव आने वाला है। खैर, जनता सब देख रही है। आपकी जाति की राजनीति भी और पुलिस के कानून व्यवस्था के राज को भी।" अपने पोस्ट के अंत में उन्होंने "जय भारत, जय श्रीराम, जय श्री कृष्ण, जय परशुराम, जय महाराज सुहेलदेव" लिखा।
कांग्रेस और 'आप' पर भी टिप्पणी
एक अन्य पोस्ट में राजभर ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को लेकर भी अखिलेश यादव पर तंज कसा था। उन्होंने लिखा, "आखिर ऐसा क्या हुआ कि आपकी आपके बॉस राहुल जी से खटपट शुरू हो गई है? ये लड़कों की जोड़ी टूटकर बिखरने वाली है।" उन्होंने यह भी कहा कि संजय सिंह के साथ घूमने का मतलब है कि अखिलेश ने अपने 'कैटेगरी' की पार्टी चुनी है, क्योंकि सपा की तरह 'आप' भी 'जनता का धन लूटने के मामले में' राज्यस्तरीय खिलाड़ी है।
अखिलेश यादव ने क्या कहा था?
गौरतलब है कि 26 अगस्त को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया था। उन्होंने लिखा था, "उप्र की कानून-व्यवस्था को शून्य करते हुए जिस प्रकार शामली में लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की 18 राउंड गोलियां चलाकर बेरहमी से हत्या की गई है उससे पूरे क्षेत्र में भय व्याप्त हो गया है।" यादव ने यह भी कहा था कि प्रदेश का समस्त जाट समुदाय इसे अपने ऊपर प्रहार मानकर आक्रोशित है और इस हत्याकांड की जांच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के नजरिए से भी होनी चाहिए।
इनपुट: IANS



