JNU यौन उत्पीड़न मामला: कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम के इस्तीफे की मांग, BJP महिला सांसद राष्ट्रपति से मिलेंगी
जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) के बर्खास्त प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम से जुड़ा यौन उत्पीड़न का मामला गरमा गया है। इस मुद्दे पर अब भारतीय जनता पार्टी की महिला सांसदों का एक…
जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) के बर्खास्त प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम से जुड़ा यौन उत्पीड़न का मामला गरमा गया है। इस मुद्दे पर अब भारतीय जनता पार्टी की महिला सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेगा। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा ने कांग्रेस सांसद को संसद से हटाने की मांग की है और कांग्रेस नेतृत्व पर आरोपी को बचाने का आरोप लगाया है।
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि पार्टी तथ्यों के आधार पर बात कर रही है। उन्होंने बताया कि JNU की आंतरिक समिति ने जांच के बाद कांग्रेस सांसद को यौन दुर्व्यवहार का दोषी पाया था, जिसके बाद विश्वविद्यालय ने उनकी सेवाएं समाप्त कर दी थीं। उन्होंने इस गंभीर मामले पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाया। बांसुरी स्वराज ने कहा, "ऐसा लगता है कि कांग्रेस नेतृत्व अकोइजम को बचाने की कोशिश कर रही है क्योंकि वे राहुल गांधी के करीबी हैं।"
सांसद को पद से हटाने की मांग
इस मामले में भाजपा की कई महिला सांसदों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय की शिकायत समिति ने अंगोमचा बिमोल अकोइजम को 11 छात्राओं के यौन उत्पीड़न का दोषी पाया है। उन्होंने मांग की, "उन्हें संसद से हटाया जाना चाहिए, क्योंकि वे संसद सदस्य बने रहने के लायक नहीं हैं।" वहीं, भाजपा विधायक शिखा राय ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि अगर कोई सांसद, जो प्रोफेसर भी रहा हो, अच्छे नंबरों के बदले यौन संबंध की मांग करता है तो यह बिल्कुल गलत है। उन्होंने नाबालिगों से जुड़े मामलों में सांसद अकोइजम पर पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा चलाने की भी मांग की।
कांग्रेस नेतृत्व और राहुल गांधी पर निशाना
भाजपा सांसदों ने इस मुद्दे को लेकर सीधे कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला। सांसद महिमा देवी ने कहा कि यह शर्मनाक है कि JNU में कांग्रेस सांसद ने 11 युवतियों का यौन उत्पीड़न किया। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पूछा, "राहुल गांधी 'पितृसत्ता को खत्म करने' की बात करते हैं, लेकिन आज वे कहां हैं? वे इस मामले पर चुप क्यों हैं?" इसी तरह, सांसद अलका गुर्जर ने कांग्रेस के नारे 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी के एक सांसद का ऐसा व्यवहार चिंताजनक और निंदनीय है, खासकर जब उन्हें एक समिति ने दोषी पाया है।
राष्ट्रपति के हस्तक्षेप की मांग
भाजपा सांसद फांगनोन कोन्याक ने बताया कि वे इस गंभीर मुद्दे को लेकर राष्ट्रपति से मिलने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, "यह उन युवा लड़कियों और छात्राओं से जुड़ा मामला है जिन्होंने सामने आकर आरोप लगाया है कि उनके साथ बदसलूकी हुई है। यह बहुत गंभीर मुद्दा है और इसमें राष्ट्रपति के दखल की भी जरूरत है।" भाजपा महिला मोर्चा इस मामले को लगातार उठा रहा है और कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगा रहा है।
इनपुट: IANS



