सोनीपत में KMP एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, ट्रक से टकराई कार, 3 मजदूरों की मौत
हरियाणा के सोनीपत में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक तेज रफ्तार ईको कार और ट्रक की भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर…
हरियाणा के सोनीपत में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक तेज रफ्तार ईको कार और ट्रक की भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना खरखौदा थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के पास हुई।
हादसे का शिकार हुए सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के रहने वाले थे। जानकारी के मुताबिक, वे सभी रोजी-रोटी के लिए बाजरे की कटाई के काम से झज्जर जा रहे थे, जब उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको कार के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घायलों की हालत गंभीर
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को क्षतिग्रस्त गाड़ी से बाहर निकाला। हालांकि, एक शव इतनी बुरी तरह फंसा हुआ था कि उसे निकालने के लिए गाड़ी को काटना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से पांच की हालत बेहद नाजुक है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। बाकी चार घायलों का इलाज खरखौदा के स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
खरखौदा थाना पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सोनीपत के सिविल अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
KMP एक्सप्रेसवे पर हादसों का सिलसिला
गौरतलब है कि KMP एक्सप्रेसवे पर हाल के दिनों में यह कोई पहला बड़ा हादसा नहीं है। इससे पहले हरियाणा के ही पलवल में इसी एक्सप्रेसवे पर एक पिकअप गाड़ी खड़े ट्रक से जा टकराई थी, जिसमें छह लोगों की जान चली गई थी और 14 अन्य घायल हो गए थे। उस हादसे के शिकार लोग उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के रहने वाले थे और धार्मिक यात्रा से लौट रहे थे।
इनपुट: IANS



