मंगलवार, 8 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

ईरान की अमेरिका को चेतावनी: 'आर्थिक युद्ध' का जवाब 'समुद्री निषेध क्षेत्र' बनाकर देंगे

ईरान ने अमेरिका के खिलाफ अपनी सैन्य रणनीति में एक बड़े बदलाव का ऐलान किया है। तेहरान ने चेतावनी दी है कि अगर उसके खिलाफ 'आर्थिक युद्ध' जारी रहा, तो वह फारस की खाड़ी में 'समुद्री निषेध क्षेत्र' लागू…

ईरान की अमेरिका को चेतावनी: 'आर्थिक युद्ध' का जवाब 'समुद्री निषेध क्षेत्र' बनाकर देंगे
(फोटो: IANS)

ईरान ने अमेरिका के खिलाफ अपनी सैन्य रणनीति में एक बड़े बदलाव का ऐलान किया है। तेहरान ने चेतावनी दी है कि अगर उसके खिलाफ 'आर्थिक युद्ध' जारी रहा, तो वह फारस की खाड़ी में 'समुद्री निषेध क्षेत्र' लागू करेगा। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह घोषणा ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसिन रेजाई ने की।

विज्ञापन

मोहसिन रेजाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "हाल के दिनों में ईरान की नई मिसाइलों ने वॉशिंगटन को एक साफ संदेश दिया है। यदि ईरान के खिलाफ आर्थिक दबाव या आर्थिक युद्ध जारी रखा गया, तो फारस की खाड़ी में समुद्री क्षेत्र पर प्रतिबंध लागू किया जाएगा और नाकाबंदी के दायरे को बढ़ाया जाएगा।"

नई मिसाइल क्षमता का प्रदर्शन

रेजाई ने दावा किया कि ईरान ने हालिया हमलों में पहली बार अमेरिका के एक विमानवाहक पोत के ऊपर स्वदेशी एंटी-डिस्ट्रॉयर मिसाइल का सफल परीक्षण किया। उन्होंने इसे एक चेतावनी बताते हुए कहा कि इससे अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी की कमजोरी उजागर हुई है। रेजाई के मुताबिक, “इस विशेष मिसाइल ने अमेरिकियों के लिए मुश्किल स्थिति पैदा कर दी और वे पीछे हट गए।”

क्या है ईरान की नई योजना?

रेजाई ने बताया कि ईरान आने वाले दिनों में होर्मुज स्ट्रेट के बाहर एक प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित करेगा। यह क्षेत्र उस रेखा से शुरू होगा जहां अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी शुरू होती है और इसका विस्तार होर्मुज स्ट्रेट तक होगा, साथ ही यह फारस की खाड़ी के अंदर तक भी फैला होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान के साथ समन्वय के बिना इस क्षेत्र में प्रवेश करने वाले किसी भी जहाज को तेहरान की प्रतिबंध सूची में डाल दिया जाएगा। ऐसे जहाजों के बीमा कवरेज और भविष्य में जलमार्ग से गुजरने की अनुमति पर भी असर पड़ सकता है।

रणनीति में बुनियादी बदलाव

ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव ने स्पष्ट किया कि अमेरिकी युद्धपोतों और सैन्य ठिकानों के प्रति अपनाए जाने वाले सैन्य रुख और रणनीति में यह एक बुनियादी बदलाव है। उन्होंने कहा कि यह कदम ईरान की युद्ध और कूटनीति से जुड़ी व्यापक रणनीति में बदलाव का हिस्सा है, जिसका मुख्य उद्देश्य अमेरिका पर दबाव बढ़ाना है।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →