ईरान-इजरायल तनाव: नेतन्याहू की 'मिशन पूरा करने' की धमकी पर तेहरान का तीखा पलटवार
ईरान और इजरायल के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के ईरान के परमाणु कार्यक्रम को खत्म करने के बयान पर ईरान के उप विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने तीखी प्रतिक्रिया…
ईरान और इजरायल के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के ईरान के परमाणु कार्यक्रम को खत्म करने के बयान पर ईरान के उप विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। अराघची ने नेतन्याहू को चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान के पास भी उनसे "हिसाब चुकता करने के लिए बहुत कुछ है।"
समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, यह पूरा विवाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बयानों से शुरू हुआ। दरअसल, इजरायल में 27 अक्टूबर को होने वाले संसदीय चुनाव से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नेतन्याहू का समर्थन करते हुए उन्हें एक मजबूत, बहादुर और शानदार नेता बताया था।
नेतन्याहू का बयान और ईरान की प्रतिक्रिया
ट्रंप के समर्थन पर आभार जताते हुए नेतन्याहू ने एक पोस्ट में लिखा, "हम मिलकर ईरान की सरकार को कभी भी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे। हमने मिलकर बहुत कुछ हासिल किया है और अब अगले दो वर्षों में हम अपना मिशन पूरा करेंगे और ईरान के परमाणु कार्यक्रम को खत्म कर देंगे।" उन्होंने ट्रंप को व्हाइट हाउस में इजरायल का अब तक का सबसे अच्छा दोस्त बताया।
नेतन्याहू की इसी धमकी के जवाब में अब्बास अराघची ने पलटवार किया। उन्होंने अपने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "पिछली बार भी आप 'काम पूरा करने' निकले थे, लेकिन नतीजा यह हुआ कि ईरान पहले से भी ज्यादा मजबूत होकर उभरा। क्या फिर से अपनी किस्मत आजमाना चाहते हैं? आपका स्वागत है। लेकिन सावधान रहिए, हमारे भी कुछ अधूरे काम बाकी हैं।"
युद्ध में धकेलने का आरोप
अराघची ने नेतन्याहू पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह खुद जेल जाने से बचने के लिए अमेरिका को एक और युद्ध में धकेल रहे हैं। उन्होंने आगे लिखा, "इसके नतीजे इजरायल पर क्या असर डालेंगे, इसकी परवाह उन्हें नहीं है और न ही अमेरिकी राष्ट्रपति पर पड़ने वाले असर की।"
इनपुट: IANS



