श्रीलंका में गुरनूर बरार की घातक गेंदबाज़ी, एक मैच में 10 विकेट लेकर इंडिया-ए को दिलाई शानदार जीत
भारत के 26 वर्षीय तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने श्रीलंका-ए के खिलाफ दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच में अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए इंडिया-ए की जीत में अहम भूमिका निभाई। समाचार एजेंसी IANS के
भारत के 26 वर्षीय तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने श्रीलंका-ए के खिलाफ दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच में अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए इंडिया-ए की जीत में अहम भूमिका निभाई। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस चार दिवसीय मुकाबले में बरार ने कुल 10 विकेट झटके, जो उनके फर्स्ट क्लास करियर का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है।
मैच में भारतीय टीम ने श्रीलंका-ए को आसानी से हरा दिया। श्रीलंका ने पहली पारी में 366 रन बनाए, जिसके जवाब में इंडिया-ए ने 9 विकेट पर 543 रन बनाकर पारी घोषित कर दी और 177 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में मेजबान टीम सिर्फ 209 रनों पर सिमट गई, जिससे भारत को जीत के लिए महज 33 रनों का लक्ष्य मिला। इंडिया-ए ने यह लक्ष्य 6.2 ओवरों में ही हासिल कर लिया।
मैच में गुरनूर का दबदबा
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने अपनी गेंदबाजी से श्रीलंकाई बल्लेबाजों को खासा परेशान किया। उन्होंने पहली पारी में 22 ओवरों में 77 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। इसके बाद दूसरी पारी में उनका प्रदर्शन और भी निखर कर सामने आया, जब उन्होंने केवल 12.3 ओवरों में 68 रन देकर 6 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। 6 फीट 5 इंच के कद के कारण गुरनूर को पिच से अतिरिक्त उछाल मिलता है, जो बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें पैदा करता है।
कैसा रहा है अब तक का करियर?
गुरनूर बरार ने रणजी ट्रॉफी 2024-25 में 33 विकेट लेकर पहली बार सबका ध्यान खींचा था, जिसके बाद शुभमन गिल ने उनकी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें जिला स्तर पर खेलने में मदद की। अब तक के अपने करियर में बरार ने 19 फर्स्ट क्लास मैचों की 30 पारियों में 25.24 की औसत से 62 विकेट लिए हैं, जिसमें दो बार पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा भी शामिल है। इसके अलावा, उन्होंने 12 लिस्ट-ए मैचों में 19 और 9 टी20 मुकाबलों में 10 विकेट चटकाए हैं।
हाल ही में गुरनूर ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू भी किया था। उस सीरीज में उन्होंने अपने पहले मैच में 27 रन देकर 3 विकेट, दूसरे में 60 रन देकर 3 विकेट और तीसरे मैच में 49 रन देकर 1 विकेट हासिल किया था।
इनपुट: IANS



