सिंगापुर: महिलाओं की अश्लील तस्वीरें खींचने के आरोप में सिंगापुर (Singapore) की पुलिस ने एक सरकारी अधिकारी (Government Officer) के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोपी सिंगापुर के नेशनल पार्क्स बोर्ड (NParks) में काम करता है. पुलिस को अधिकारी के मोबाइल से महिलाओं और लड़कियों की अपस्कर्ट अश्लील तस्वीरें (Upskirt Photos) बरामद हुई हैं. इतना ही नहीं, संबंधित अधिकारी पर भ्रष्टाचार के भी आरोप लगे हैं.
Branch Manager है आरोपी
‘सीएनए’ की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारी की पहचान 48 वर्षीय ली चून फिंग (Lee Choon Phing) के रूप में हुई है. आरोपी नेशनल पार्क्स बोर्ड की ब्लूम ब्रांच में मैनेजर (Branch Manager) है. यह संस्था पूरे देश में बागवानी को बढ़ावा देने का काम करती है. पुलिस ने बताया कि आरोपी ने सबसे पहले अपने ऑफिस में ही महिलाओं की अपस्कर्ट तस्वीरें खींचने की शुरुआत की. बाद से वह बाहर भी अपने गंदी हरकतों को अंजाम देने लगा.
ये भी पढ़ें: क्या उत्तरप्रदेश में दोबारा Lockdown लगेगा ?
Students को भी बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक, ली चून फिंग ने 2015 और 2019 के बीच अपने फोन से कई महिलाओं की अश्लील तस्वीरें खींचीं. पीड़ितों में नर्सरी में काम करने वाली महिलाओं के अलावा ट्रेन में सफर करने वाली महिलाएं और स्कूल गर्ल्स भी शामिल हैं. अधिकारी पर महिलाओं के अपमान के कुल नौ आरोप लगाए गए हैं. वहीं, पुलिस जांच कर रही है कि क्या उसने किसी महिला के साथ कोई गलत व्यवहार भी किया था.
Corruption का भी है आरोप
ली चून फिंग के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप में भी केस दर्ज किया गया है. आरोप है कि ली चून फिंग ने पिछले साल फरवरी में कथित तौर पर एक विक्रेता से 10000 सिंगापुर डॉलर की रिश्वत ली थी. रिश्वत देने वाला विक्रेता एनपार्क्स को 10000 हैट्स की सप्लाई करने वाला था, लेकिन रिश्वत दिए जाने के बाद उसने केवल 5000 हैट्स ही दिए. सिंगापुर के भ्रष्ट आचरण जांच ब्यूरो (CPIB) ने कहा है कि सिंगापुर भ्रष्टाचार और अन्य अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाता है. यदि अधिकारी पर लगे आरोप सही पाए जाते हैं, तो उसके खिलाफ सख्त कर्रवाई की जाएगी.
कितनी हो सकती है सजा?
सिंगापुर के कानून के मुताबिक, भ्रष्टाचार का आरोप साबित होने पर अपराधी को अधिकतम सात साल तक की जेल हो सकती है या 100,000 डॉलर तक जुर्माना लगाया जा सकता है. इसके अलावा अगर कोई व्यक्ति धोखाधड़ी के लिए दोषी पाया जाता है, तो उसे 10 साल तक की जेल और जुर्माना हो सकता है. इसी तरह, यदि अपस्कर्ट तस्वीरें लेने के लिए दोषी ठहराए जाने पर प्रत्येक आरोप के लिए एक साल तक की जेल या जुर्माना या दोनों हो सकते हैं.

