Ghaziabad : तीसरे प्रयास में भी नहीं मिली सफलता, इंदिरापुरम नगर निगम को ट्रांसफर करने में फंसा 301 करोड़ का पेच

11
Ghaziabad : तीसरे प्रयास में भी नहीं मिली सफलता, इंदिरापुरम नगर निगम को ट्रांसफर करने में फंसा 301 करोड़ का पेच

Ghaziabad : तीसरे प्रयास में भी नहीं मिली सफलता, इंदिरापुरम नगर निगम को ट्रांसफर करने में फंसा 301 करोड़ का पेच

किरणपाल राणा, गाजियाबाद : इंदिरापुरम कॉलोनी नगर निगम को ट्रांसफर करने को लेकर एक बार फिर 301 करोड़ रुपये का पेच फंस गया है। नगर निगम और जीडीए की ओर से तीसरी बार कॉलोनी का संयुक्त सर्वे कराया गया है। सर्वे के बाद नगर निगम प्रशासन की ओर से जीडीए को एक पत्र भेजा गया है, जिसमें निगम ने जीडीए से कहा है कि वह इंदिरापुरम कॉलोनी का टेकओवर लेने को तैयार है, लेकिन इसके लिए कॉलोनी की आधी-अधूरी सुविधाओं को मानक स्तर पर विकसित करने के लिए जीडीए उसे 301 करोड़ रुपये दे। नगर निगम ने पत्र के अलावा जीडीए के चीफ इंजीनियर एके गुप्ता को भी इसकी पूरी डिटेल दे दी है, ताकि जीडीए को फैसला लेने में आसानी हो सके।

किस काम के लिए कितना पैसा मांगा

नगर निगम ने इंदिरापुरम कॉलोनी को विकसित करने के लिए जीडीए से 301 करोड़ रुपये मांगे हैं। यह पैसा निगम ने कई तरह की सुविधाओं को मानक के हिसाब से डिजाइन करने के लिए मांगा है। इसमें सिविल वर्क के लिए 90 करोड़ रुपये की मांग की गई है। इस धनराशि से इंदिरापुरम में करीब 73 किलोमीटर लंबी सड़क को नए सिरे से बनाया जाएगा। छह नालों को आरसीसी से पक्का किया जाएगा। इसके अलावा पानी की सप्लाई दुरुस्त करने के लिए 24 करोड़, सीवरेज सिस्टम को मानक के हिसाब से ठीक करने के लिए 32 करोड़ 50 लाख, लाइटिंग के लिए 8 लाख 50 हजार, उद्यान विभाग के लिए 8 करोड़ 9 लाख, कूड़ा निस्तारण और डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन आदि के लिए 21 करोड़ 50 लाख रुपये मांगे हैं, जो कुल मिलाकर करीब 255 करोड़ रुपये बनते हैं। इसमें 18 प्रतिशत जीएसटी मिलाकर करीब 301 करोड़ रुपये नगर निगम ने इंदिरापुरम कॉलोनी हैंडओवर करने के लिए मांगे हैं।

इंदिरापुरम कॉलोनी में कुछ सुविधाओं को दुरुस्त करने में बड़ी रकम खर्च होगी। जिसके बाद ही वहां रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इंदिरापुरम को टेकओवर करने के लिए नगर निगम ने जीडीए से 301 करोड़ रुपये देने की मांग की है। अब जीडीए को इस पर फैसला लेना है।

-डॉ. नितिन गौड़, नगर आयुक्त

तीसरी बार हुआ सर्वे, फिर भी फंसा पेच

जीडीए किसी भी सूरत में इंदिरापुरम कॉलोनी नगर निगम को हैंडओवर करना चाहता है। दोनों विभागों में इसे लेकर कई वर्षों से रस्साकशी चल रही है। वैसे इस बार निगम ने जीडीए के साथ मिलकर तीसरी बार कॉलोनी में इन्फ्रास्ट्रक्चर सर्वे किया है। जिसके बाद निगम ने जीडीए से कॉलोनी टेकओवर करने के लिए 301 करोड़ रुपये मांगे हैं। इससे पहले जीडीए और निगम का संयुक्त सर्वे करीब एक वर्ष पहले हुआ था। उस दौरान निगम ने कॉलोनी का हैंडओवर लेने के लिए 365 करोड़ रुपये की मांग की थी। इसके बाद पिछले वर्ष अक्टूबर में हुए जीडीए और निगम के संयुक्त सर्वे में निगम के तत्कालीन नगर आयुक्त महेन्द्र सिंह तंवर ने जीडीए से इंदिरापुरम टेकओवर लेने के लिए 265 करोड़ रुपये की मांग की थी। अब देखना यह है कि जीडीए इतनी रकम इंदिरापुरम कॉलोनी ट्रांसफर करने के लिए नगर निगम को देने को तैयार होता है या नहीं। इस पर अभी जीडीए के अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।

उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar Pradesh News