Ghaziabad के खोड़ा में चाय बनाते समय फटा सिलेंडर, 4 लोग झुलसे
Indirapuram News: बुधवार सुबह चाय बनाते समय खोड़ा कालोनी में सिलेंडर फट गया। धमाके में चार लोग झुलस गए हैं, जिन्हें सफदरगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सिलेंडर लीक होने के कारण घर में लगी आग
जानकारी के अनुसार, थाना खोड़ा क्षेत्र अंतर्गत आने वाली वंदना एन्क्लेव बिहारी कॉलोनी में स्थित एक मकान में धनंजय सिंह परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार सुबह पत्नी चाय बनाने के लिए रसोई पहुंची और गैस ऑन की तो अचानक आग लग गई, क्योंकि गैस का सिलेंडर पहले से ही लीक था। आग लगते ही गैस का सिलेंडर फट गया। गनीमत रही कि जैसे ही जोरदार धमाका हुआ तो आसपास के लोग मौके पर दौड़े और चारों को घर से बाहर निकाला,लेकिन उसके बावजूद भी धनंजय सिंह, उनकी पत्नी, बहनोई और करीब 9 साल का बच्चा झुलस गया।
जोरदार धमाके से सहमे लोग
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जिस समय घर में आग लगी तो जोरदार ब्लास्ट हुआ और उसकी आवाज दूर तक गई। धमाके की आवाज सुनकर लोग मौके पर दौड़े और दमकल विभाग एवं पुलिस को सूचित करते हुए घर में मौजूद चारों लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि गैस का सिलेंडर पहले से ही लीक था। गैस का चूल्हा जलाते वक्त ही घर में आग लग गई।
सुबह सवा सात बजे हुआ हादसा
एसीपी इंदिरापुरम ने बताया कि पुलिस को करीब सुबह 7:15 बजे वंदना एन्क्लेव बिहारी कॉलोनी में स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। तत्काल प्रभाव से दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। सभी घायलों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया गया है।
आसपास के शहरों की खबरें
Navbharat Times News App: देश-दुनिया की खबरें, आपके शहर का हाल, एजुकेशन और बिज़नेस अपडेट्स, फिल्म और खेल की दुनिया की हलचल, वायरल न्यूज़ और धर्म-कर्म… पाएँ हिंदी की ताज़ा खबरें डाउनलोड करें NBT ऐप