जर्मनी: अग्निकांड में जान गंवाने वाले केरल के दो युवाओं के शव घर पहुँचे, आज होगा अंतिम संस्कार
जर्मनी के बोखुम शहर में एक रिहायशी इमारत में लगी आग में जान गंवाने वाले केरल के दो युवाओं, सिविन जॉनी और अंजलि शीला जॉय के पार्थिव शरीर भारत वापस लाए गए हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, शुक्रवार…
जर्मनी के बोखुम शहर में एक रिहायशी इमारत में लगी आग में जान गंवाने वाले केरल के दो युवाओं, सिविन जॉनी और अंजलि शीला जॉय के पार्थिव शरीर भारत वापस लाए गए हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, शुक्रवार देर रात दोनों के शव केरल के नेदुम्बसेरी हवाई अड्डे पर पहुँचे, जहाँ उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
26 वर्षीय सिविन जॉनी एर्नाकुलम जिले के थे, जबकि 25 वर्षीय अंजलि कोल्लम जिले की रहने वाली थीं। एयरपोर्ट पर शवों को लेने के बाद आगे की औपचारिकताओं के लिए अलुवा के सीईए अस्पताल ले जाया गया। सिविन का अंतिम संस्कार दोपहर 2 बजे घर पर प्रार्थना सभा के बाद मणिकमंगलम के सेंट रॉकी चर्च में किया जाएगा। वहीं, अंजलि का शव उनके गृहनगर कोल्लम ले जाया गया है।
तीसरे मृतक का शव आज पहुँचेगा
इस अग्निकांड में मारी गईं इडुक्की निवासी नोवा साबू का शव आज रात 8:15 बजे नेदुम्बसेरी हवाई अड्डे पर पहुँचने की उम्मीद है। जर्मनी के नॉर्थ राइन-वेस्टफेलिया राज्य के बोखुम शहर में पिछले सप्ताह एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से इन तीनों भारतीय नागरिकों की मौत हो गई थी। जर्मनी में भारतीय दूतावास के अनुसार, तीनों वहाँ पढ़ाई कर रहे थे।
जर्मनी में बेहतर भविष्य की थी तलाश
सिविन जॉनी उच्च शिक्षा के लिए लगभग दो हफ्ते पहले ही जर्मनी पहुँचे थे। उनके भाई साल्विन जर्मनी में ही रहते हैं, जबकि बहन सिमी आयरलैंड में हैं। वहीं, अंजलि शीला जॉय इसी साल जुलाई में नौकरी के सिलसिले में जर्मनी गई थीं और एक वेयरहाउस में काम कर रही थीं। तीसरी मृतक, नोवा साबू, 3 जुलाई को जर्मनी गई थीं और पार्ट-टाइम जिम ट्रेनर के तौर पर काम करती थीं। वह एक सेवानिवृत्त सब-इंस्पेक्टर और एक पब्लिक हेल्थ नर्स की बेटी थीं।
आगजनी का शक, एक गिरफ्तार
जर्मन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस को शक है कि इमारत की निचली मंजिल पर आग जानबूझकर लगाई गई थी। इसके बाद आग लकड़ी की सीढ़ियों से फैल गई, जिससे बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया और गलियारों में धुआँ भर गया। इस मामले में जर्मन पुलिस ने हत्या के संदेह में उसी इमारत में रहने वाले एक 41 वर्षीय रोमानियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है।
इनपुट: IANS



