राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार: गढ़वाली फिल्म 'ढोली' को मिला सम्मान, सीएम धामी ने कहा- यह उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक
उत्तराखंड के सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक पल आया है। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में गढ़वाली फीचर फिल्म 'ढोली' को सर्वश्रेष्ठ गढ़वाली फिल्म का प्रतिष्ठित 'सिल्वर लोटस अवॉर्ड' (रजत कमल पुरस्कार)…
उत्तराखंड के सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक पल आया है। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में गढ़वाली फीचर फिल्म 'ढोली' को सर्वश्रेष्ठ गढ़वाली फिल्म का प्रतिष्ठित 'सिल्वर लोटस अवॉर्ड' (रजत कमल पुरस्कार) मिला है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुशी जताते हुए इसे राज्य की सांस्कृतिक विरासत और सिनेमा की बड़ी पहचान बताया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर मुख्यमंत्री धामी ने फिल्म की पूरी टीम को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ एक फिल्म की कामयाबी नहीं है, बल्कि यह पूरे उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और क्षेत्रीय सिनेमा की पहचान का प्रतीक है। सीएम ने फिल्म के निर्देशक, निर्माता और सभी कलाकारों को शुभकामनाएं दीं।
राज्य की नई फिल्म नीति का असर
मुख्यमंत्री धामी ने इस सफलता का श्रेय राज्य सरकार की नई फिल्म नीति को दिया है। उन्होंने कहा, "उत्तराखंड की नई फिल्म नीति का सकारात्मक असर अब साफ दिखाई देने लगा है।" उनके मुताबिक, सरकार द्वारा फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने की नीतियों के कारण ही आज उत्तराखंडी सिनेमा राष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
सीएम ने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ फिल्मों की शूटिंग को प्रोत्साहित करना नहीं, बल्कि राज्य की स्थानीय भाषा, संस्कृति, लोककला और परंपराओं को देश और दुनिया तक पहुंचाना भी है। नई फिल्म नीति के तहत निर्माताओं को कई तरह की सुविधाएं और प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को अभिनय, निर्देशन और तकनीकी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं।
कलाकारों के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि 'ढोली' की यह राष्ट्रीय सफलता राज्य के दूसरे फिल्म निर्माताओं और युवा कलाकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड की समृद्ध लोकभाषा और संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर एक नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सीएम ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तराखंडी फिल्में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयां हासिल करेंगी और राज्य का नाम रोशन करेंगी।
इनपुट: IANS



