स्वतंत्रता दिवस 2026: राष्ट्रपति ने 78 वीरता पुरस्कारों को दी मंज़ूरी, 13 वीरों को मरणोपरांत सम्मान
स्वतंत्रता दिवस 2026 की पूर्व संध्या पर, देश के रक्षा और सुरक्षा बलों के असाधारण शौर्य और बलिदान को सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सशस्त्र बलों और पुलिस के कर्मियों के लिए कुल 78…
स्वतंत्रता दिवस 2026 की पूर्व संध्या पर, देश के रक्षा और सुरक्षा बलों के असाधारण शौर्य और बलिदान को सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सशस्त्र बलों और पुलिस के कर्मियों के लिए कुल 78 वीरता पुरस्कारों को अपनी स्वीकृति प्रदान की है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इन पुरस्कारों में 13 सम्मान उन वीरों को दिए गए हैं, जिन्होंने कर्तव्य की राह में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
इन 78 पुरस्कारों के अलावा, राष्ट्रपति ने 'मेंशन-इन-डिस्पैचेस' (विशेष उल्लेख) के 89 मामलों को भी मंज़ूरी दी है। इनमें भारतीय सेना के 75 जवान, भारतीय नौसेना के 4 और भारतीय वायुसेना के 10 जवान शामिल हैं।
कीर्ति और शौर्य चक्र: सर्वोच्च सम्मान
इस वर्ष देश का दूसरा सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार 'कीर्ति चक्र' 9 वीरों को प्रदान किया गया है, जिनमें से 7 को यह सम्मान मरणोपरांत मिला है। वहीं, 19 जवानों को 'शौर्य चक्र' से सम्मानित किया गया है, जिनमें एक मरणोपरांत सम्मान शामिल है। इसके अतिरिक्त, मेजर आदित्य प्रताप सिंह को 'बार टू शौर्य चक्र' से अलंकृत किया गया है।
कीर्ति चक्र विजेता:
लेफ्टिनेंट कर्नल मैनियो फ्रांसिस, पीएफ, एससी; मेजर जितेंद्र राठी; हवलदार गजेंद्र सिंह (मरणोपरांत); जगबीर सिंह, हेड कांस्टेबल (मरणोपरांत); जसवंत सिंह, एसजी कांस्टेबल (मरणोपरांत); बलविंदर सिंह, एसजी कांस्टेबल (मरणोपरांत); तारिक हुसैन, एसजी कांस्टेबल (मरणोपरांत); बशीर अहमद, हेड कांस्टेबल (मरणोपरांत); और सुनील कुमार, इंस्पेक्टर एसटीएफ (मरणोपरांत)।
सेना, नौसेना और वायुसेना के अन्य वीरता पदक
पुरस्कारों की पूरी सूची में 36 सेना मेडल (वीरता), 5 'बार टू सेना मेडल' (वीरता), 3 नौसेना मेडल (वीरता) और 5 वायु सेना मेडल (वीरता) भी शामिल हैं। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी सूची के अनुसार, सेना मेडल (वीरता) पाने वालों में 5 जवान मरणोपरांत सम्मानित किए गए हैं। इन पुरस्कारों के माध्यम से देश की रक्षा और आंतरिक सुरक्षा में जवानों के अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा को मान्यता दी गई है।
इनपुट: IANS



