गुरुग्राम ESIC हॉस्पिटल में स्पेशलिस्ट और सीनियर रेजिडेंट की भर्तियाँ, 7 जुलाई को सीधा इंटरव्यू
गुरुग्राम के ईएसआईसी मॉडल हॉस्पिटल में मेडिकल प्रोफेशनल्स के लिए नौकरी का एक बड़ा अवसर है। अस्पताल ने 3 साल के कॉन्ट्रैक्ट पर सीनियर रेजिडेंट और फुल-टाइम स्पेशलिस्ट के कुल 48 पदों के लिए सीधी भर्ती की
गुरुग्राम के ईएसआईसी मॉडल हॉस्पिटल में मेडिकल प्रोफेशनल्स के लिए नौकरी का एक बड़ा अवसर है। अस्पताल ने 3 साल के कॉन्ट्रैक्ट पर सीनियर रेजिडेंट और फुल-टाइम स्पेशलिस्ट के कुल 48 पदों के लिए सीधी भर्ती की घोषणा की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इन पदों के लिए चयन वॉक-इन-इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जो 7 जुलाई को आयोजित होना है।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए सुबह 9 बजे तक 'मेडिकल सुपरिटेंडेंट कार्यालय, दूसरी मंजिल, ईएसआईसी मॉडल हॉस्पिटल, सेक्टर 9ए, गुरुग्राम, हरियाणा - 122001' पते पर रिपोर्ट करना होगा। इंटरव्यू सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अपने सभी जरूरी दस्तावेजों की मूल और फोटोकॉपी साथ लेकर आएं।
पदों का विवरण और वेतन
अधिसूचना के मुताबिक, कुल 48 रिक्तियों में से 14 पद फुल-टाइम कॉन्ट्रैक्चुअल स्पेशलिस्ट (FTCS) और 34 पद सीनियर रेजिडेंट्स के लिए हैं। चयनित स्पेशलिस्ट को प्रति माह 1,48,263 रुपये और सीनियर रेजिडेंट को 67,700 रुपये का वेतन मिलेगा, साथ ही अन्य भत्ते और लाभ भी दिए जाएंगे।
- स्पेशलिस्ट (14 पद): ये भर्तियाँ इमरजेंसी, छाती रोग, ICU, सामान्य चिकित्सा, स्त्री रोग, बाल चिकित्सा, मनोचिकित्सा, रेडियोलॉजी और सर्जरी जैसे विभागों के लिए हैं।
- सीनियर रेजिडेंट (34 पद): ये पद एनेस्थिसियोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, डर्मेटोलॉजी, ICU, मेडिसिन, NICU, ऑर्थोपेडिक, पीडियाट्रिक्स और सर्जरी समेत कई अन्य विभागों में भरे जाएंगे।
पात्रता और आयु सीमा
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित स्पेशलिटी में किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से पीजी डिग्री या डिप्लोमा होना अनिवार्य है। साथ ही, आवेदक का मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया या राज्य चिकित्सा परिषद में पंजीकृत होना भी जरूरी है।
आयु सीमा: स्पेशलिस्ट पद के लिए अधिकतम आयु 69 वर्ष और सीनियर रेजिडेंट पद के लिए 45 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
आवेदन शुल्क और प्रक्रिया
इंटरव्यू में शामिल होने के लिए सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 300 रुपये का आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। वहीं, एससी/एसटी, दिव्यांग, महिला उम्मीदवारों और पूर्व सैनिकों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। चयन प्रक्रिया में इंटरव्यू के बाद दस्तावेज़ सत्यापन और मेडिकल फिटनेस टेस्ट भी शामिल होगा।
इनपुट: IANS



