सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

होर्मुज जलडमरूमध्य में फिर हादसा: बारूदी सुरंग से टकराया एक और तेल टैंकर, ईरान ने लगाया नियमों के उल्लंघन का आरोप

दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में से एक, होर्मुज जलडमरूमध्य में एक बार फिर एक तेल टैंकर हादसे का शिकार हो गया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स…

होर्मुज जलडमरूमध्य में फिर हादसा: बारूदी सुरंग से टकराया एक और तेल टैंकर, ईरान ने लगाया नियमों के उल्लंघन का आरोप
(फोटो: IANS)

दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में से एक, होर्मुज जलडमरूमध्य में एक बार फिर एक तेल टैंकर हादसे का शिकार हो गया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने बताया कि यह टैंकर एक समुद्री बारूदी सुरंग से टकरा गया, जिससे उसके इंजन रूम में आग लग गई।

विज्ञापन

IRGC की नौसेना ने सोमवार तड़के इस घटना की पुष्टि की। 'सिपाह न्यूज' पर जारी एक बयान में आरोप लगाया गया है कि जहाज ने अपने GPS और अन्य नेविगेशन सिस्टम बंद कर रखे थे। साथ ही, वह जलडमरूमध्य के दक्षिणी हिस्से में एक प्रतिबंधित रास्ते से गुजरने का प्रयास कर रहा था। यह कुछ ही दिनों के भीतर इस तरह की दूसरी घटना है।

नियमों के उल्लंघन पर ईरान की चेतावनी

इस घटना के बाद, IRGC नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य और आसपास के समुद्री क्षेत्र से गुजरने वाले सभी जहाजों को कड़ी चेतावनी दी है। श‍िन्‍हुआ की र‍िपोर्ट का हवाला देते हुए एजेंसी ने कहा कि अगर कोई भी जहाज अपने नेविगेशन या पहचान संबंधी सिस्टम को बंद करता है, तो उसके खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले शनिवार को भी एक सुपरटैंकर इसी तरह बारूदी सुरंग से टकरा गया था। IRGC के मुताबिक, उस जहाज ने भी अपने सभी लोकेशन ट्रैकिंग और रडार सिस्टम बंद कर दिए थे और अमेरिकी सेना के समर्थन से जलडमरूमध्य पार करने की कोशिश कर रहा था।

तनावग्रस्त क्षेत्र में बढ़ी निगरानी

होर्मुज जलडमरूमध्य से वैश्विक तेल और गैस का एक बड़ा हिस्सा गुजरता है, जिसके कारण यहां की हर गतिविधि पर अंतरराष्ट्रीय नजर रहती है। ईरान ने 28 फरवरी को इस क्षेत्र पर अपनी निगरानी और नियंत्रण काफी सख्त कर दिया था। यह कदम ईरानी क्षेत्र पर इजरायल और अमेरिका के कथित संयुक्त हमलों के बाद उठाया गया था। इसके बाद से ईरान ने इजरायल और अमेरिका से जुड़े जहाजों के लिए इस मार्ग से सुरक्षित आवाजाही पर रोक लगा दी है।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →