कैमूर: दुर्गावती नदी में उफान से मोहनिया पर बाढ़ का साया, बिजली संकट की भी आशंका
बिहार के कैमूर जिले में दुर्गावती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से मोहनिया शहर और इसके आसपास के इलाकों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। लगातार हो रही बारिश और दुर्गावती जलाशय से बड़ी मात्रा में पानी…
बिहार के कैमूर जिले में दुर्गावती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से मोहनिया शहर और इसके आसपास के इलाकों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। लगातार हो रही बारिश और दुर्गावती जलाशय से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण नदी का बहाव शहर की ओर हो गया है, जिससे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, जलाशय से लगभग 15 से 20 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है और आगे भी पानी छोड़े जाने की संभावना है।
नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने मोहनिया-भभुआ मुख्य मार्ग पर रतवार के पास दुर्गावती नदी पुल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। यहां एसडीएम, सीओ, बीडीओ और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) के साथ भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। रात में निगरानी के लिए जेनरेटर की मदद से पुल पर चार बड़े वेपर लाइट भी लगाए गए हैं।
बिजली घर डूबने का खतरा
मोहनिया की एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी ने बताया कि नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और पुल के नीचे कटाव के कारण पानी शहर की तरफ बह रहा है। उन्होंने एक बड़ी चिंता की ओर इशारा करते हुए कहा कि बिजली विभाग का पावर हाउस निचले इलाके में है। यदि बाढ़ का पानी वहां तक पहुंचता है तो मोहनिया शहर की बिजली आपूर्ति तीन-चार दिनों या उससे भी ज्यादा समय के लिए ठप हो सकती है। इस संभावित खतरे से निपटने के लिए फ्लड कंट्रोल यूनिट की टीम मौके पर काम कर रही है।
प्रशासन की तैयारी और लोगों की चिंता
आपदा की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पानी की निकासी की तैयारी भी शुरू कर दी है। नगर पंचायत की ओर से जेसीबी लगाकर पानी निकलने का रास्ता बनाया जा रहा है। अधिकारियों ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने और जलस्तर बढ़ने पर सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की सलाह दी है। वहीं, स्थानीय लोग भी नदी के रौद्र रूप को देखकर चिंतित हैं और उनकी सबसे बड़ी फ़िक्र पावर हाउस को लेकर है, जिसके डूबने से पूरे इलाके में अंधेरा छा सकता है।
इनपुट: IANS



