दिव्यांगों का मज़ाक उड़ाने का मामला: सुप्रीम कोर्ट ने कॉमेडियन समय रैना पर 3 लाख का जुर्माना लगाया
दिव्यांगों का मज़ाक उड़ाने से जुड़े एक मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कॉमेडियन समय रैना और अन्य लोगों के ख़िलाफ़ सख़्त रुख अपनाया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, अदालत ने रैना पर अदालत को गुमराह करने और गल
दिव्यांगों का मज़ाक उड़ाने से जुड़े एक मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कॉमेडियन समय रैना और अन्य लोगों के ख़िलाफ़ सख़्त रुख अपनाया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, अदालत ने रैना पर अदालत को गुमराह करने और गलत बयान देने का आरोप लगाते हुए तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के अन्य प्रतिभागियों पर भी इतनी ही राशि का जुर्माना लगाया गया है।
अदालत ने यह जुर्माना अदा करने के लिए दो हफ़्ते का समय दिया है। साथ ही यह चेतावनी भी दी है कि यदि निर्धारित समय में राशि जमा नहीं की गई तो उनके ख़िलाफ़ कड़े कदम उठाए जाएंगे। सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने रैना और अन्य कॉमेडियन से यह भी सवाल किया कि उन्होंने अपने व्यवहार में सुधार के लिए क्या कदम उठाए हैं।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला कंट्रोवर्सियल शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' से जुड़ा है, जिसमें होस्ट समय रैना, रणवीर इलाहाबादिया और अन्य इन्फ्लुएंसर्स पर दिव्यांगों का मज़ाक उड़ाने का आरोप है। 'क्योर एसएमए फाउंडेशन' नामक संस्था ने आरोप लगाया था कि समय रैना ने 'दैट कॉमेडी क्लब' में एक स्टैंडअप एक्ट के दौरान स्पाइनल मस्क्यूलर अट्रॉफी (एसएमए) से पीड़ित एक नेत्रहीन नवजात शिशु का उपहास किया था। इस बच्चे को जीवित रहने के लिए 16 करोड़ रुपये के इंजेक्शन की आवश्यकता थी।
फाउंडेशन के वकील ने कोर्ट को बताया कि रैना की तरफ से इस मामले पर कोई माफी नहीं मांगी गई है। सीनियर एडवोकेट अपराजिता सिंह ने अदालत को यह भी जानकारी दी कि समय रैना ने पहले दिव्यांगों के लिए कुछ इवेंट्स आयोजित करने का भरोसा दिया था, लेकिन अदालत के निर्देश के बावजूद उन्होंने संस्था से कोई संपर्क नहीं किया।
विवादित टिप्पणी
आरोपों के मुताबिक, समय रैना ने अपने शो में कहा था, "देखो, चैरिटी अच्छी बात है, करनी चाहिए। मैं एक चैरिटी देख रहा था, जिसमें एक दो महीने का बच्चा है, जिसे कुछ तो क्रेजी हो गया था। इलाज के लिए उसे 16 करोड़ रुपए का इंजेक्शन चाहिए था।"
रैना ने आगे एक महिला दर्शक से पूछा, "मैम, आप बताइए... अगर आप वो मां होतीं और आपके बैंक में 16 करोड़ रुपए आ जाते, तो एक बार तो अपने पति को देखकर बोलती न कि महंगाई बढ़ रही है और कोई गारंटी नहीं है कि वो बच्चा उस इंजेक्शन के बाद भी बचेगा। मर भी तो सकता है। सोचो इंजेक्शन के बाद मर गया। उससे भी खराब सोचो कि 16 करोड़ के इंजेक्शन के बाद बच्चा बच गया, फिर बड़ा होकर बोले कि मैं पोएट बनना चाहता हूं।"
इनपुट: IANS



