लखनऊ हत्याकांड: पत्नी को गोली मारने के बाद घर लौटा, बहन की हत्या कर खुद को भी खत्म कर लिया
लखनऊ के गोमती नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, जिसमें एक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के फील्ड ऑफिसर मानस बाजपेयी अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या…
लखनऊ के गोमती नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, जिसमें एक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के फील्ड ऑफिसर मानस बाजपेयी अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या करते दिख रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस घटना के बाद मानस ने घर जाकर अपनी बहन की भी हत्या कर दी और फिर खुदकुशी कर ली।
फुटेज में मानस की पत्नी और आईसीआईसीआई बैंक की असिस्टेंट मैनेजर, 33 वर्षीय दिव्या मिश्रा अपने ऑफिस पहुंचती दिखाई देती हैं। कुछ देर बाद मानस कार से वहां पहुंचता है और फोन कर दिव्या को बाहर बुलाता है। दोनों के बीच बातचीत जल्द ही हाथापाई में बदल जाती है, जिसके बाद मानस दिव्या को गोली मार देता है। गोली चलते ही बैंक के बाहर अफरातफरी मच जाती है और सुरक्षा गार्ड समेत अन्य लोग भागते नजर आते हैं।
पत्नी के बाद बहन की हत्या
पत्नी की हत्या करने के बाद मानस लगभग दो किलोमीटर दूर गोमती नगर स्थित अपने घर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उस वक्त वह पसीने से तरबतर था। घर में घुसकर उसने एक कमरे का दरवाजा बंद किया और तेज आवाज में टीवी पर हनुमान चालीसा चला दी। इसके बाद उसने अपनी बहन शीबा को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि शीबा मानसिक रूप से बीमार थीं और उनका इलाज चल रहा था। मानस को कथित तौर पर यह चिंता थी कि उसके जाने के बाद बहन की देखभाल कौन करेगा।
खुदकुशी से पहले व्हाट्सएप स्टेटस
बहन की हत्या के बाद मानस ने खुद को भी गोली मारकर अपनी जान दे दी। गोलियों की आवाज सुनकर पड़ोसी वहां पहुंचे और दरवाजा तोड़ा, तो भाई-बहन को खून से लथपथ पाया। पुलिस के मुताबिक, मानस ने पत्नी की हत्या के बाद एक व्हाट्सएप स्टेटस भी लगाया था। इसमें उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए लिखा था कि वह खुद को और अपनी बहन को मार रहा है। स्टेटस में उसने दिव्या की बहन प्रज्ञा और उनके पति भरत यादव का भी जिक्र किया था।
मानस और दिव्या की शादी 2018 में हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। करीब एक साल पहले दिव्या ने तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दी थी, जिसके बाद से वह आलमबाग के श्रृंगार नगर स्थित अपने मायके में रह रही थीं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



