Delhi Weather LIVE: दिल्ली में पारा @4.6 डिग्री, 10 साल में सबसे ठंडी जनवरी, पूरे हफ्ते शीतलहर का अलर्ट
शीतलहर: 17 से 22 जनवरी तक येलो अलर्ट
17 और 18 जनवरी को शीतलहर की भविष्यवाणी की गई है। वहीं 17 से 22 जनवरी तक दिल्ली में येलो अलर्ट रहेगा। सुबह के वक्त मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अभी 2-3 दिन प्रचंड सर्दी पड़ेगी। उसके बाद पश्चिमी विक्षोभ आने से तापमान में कुछ बढ़ोतरी होगी। दिल्ली में पांच से नौ जनवरी तक भीषण शीतलहर चली जो एक दशक में इस महीने में प्रचंड शीतलहर की दूसरी सबसे लंबी अवधि रही।
दिल्ली: 10 वर्षों में दूसरी सबसे ठंडी जनवरी
सर्दी का आलम यह है कि सोमवार को इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह तो रहने के साथ एक दशक में जनवरी का दूसरा सबसे ठंडा दिन भी रहा। सोमवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान महज 1.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से छह डिग्री कम है। इससे पूर्व 1 जनवरी 2021 को न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री दर्ज किया गया था।
इन राज्यों में जम जाएगी बर्फ!
मौसम विभाग के अनुसार, 17-18 जनवरी को भारत के उत्तरी-पश्चिमी और मध्य इलाके में तापमान करीब 2 डिग्री सेल्सियस गिर सकता है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में शीत लहर चलती रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ इलाकों में आज से अगले 72 घंटों के दौरान बर्फ जमने की आशंका है।
मौसम विभाग कब शीतलहर की घोषणा करता है?
मैदानी हिस्सों में शीतलहर की घोषणा तब की जाती है, जब न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है। भीषण शीतलहर की घोषणा तब की जाती है जब न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है।
यूपी: कई शहरों में शीतलहर, कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी यूपी के कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। कई जिलों में घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने की भी चेतावनी है। लखनऊ और आसपास को छोड़कर पूर्वी यूपी के कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। लखनऊ में शीतलहर और कड़ाके की सर्दी की मौसम विभाग की चेतावनी पर तेज हवाओं ने ब्रेक लगा दिया। अब मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिन सर्द हवा चलेगी। जिससे दिन और रात के पारे में कमी आएगी।