नोएडा जा रही 16 साल की छात्रा से स्लीपर बस में गैंगरेप, ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार
दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में एक चलती स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा के साथ कथित गैंगरेप की घटना सामने आई है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 4 अगस्त की रात को हुई थी। पुलिस…
दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में एक चलती स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा के साथ कथित गैंगरेप की घटना सामने आई है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 4 अगस्त की रात को हुई थी। पुलिस ने इस मामले में बस के ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा है। बताया जा रहा है कि वह अपने परिजनों से नाराज होकर घर से निकली थी और नोएडा में अपने चचेरे भाई के पास जा रही थी। भारी बारिश के कारण वह गलती से ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई।
कैसे हुई यह दर्दनाक घटना
रिपोर्ट के मुताबिक, परी चौक पर अकेली खड़ी छात्रा ने एक खाली स्लीपर बस को रुकने का इशारा किया। ड्राइवर-कंडक्टर ने उसे नोएडा सेक्टर-63 छोड़ने का झांसा देकर बस में बैठा लिया। आरोप है कि कुछ दूर चलने के बाद कंडक्टर ने छात्रा से छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब लड़की ने विरोध किया तो दोनों ने मिलकर उसके साथ बलात्कार किया और जान से मारने की धमकी भी दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्रा को देर रात कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद घबराई हुई पीड़िता ने कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क कर अपनी आपबीती सुनाई।
पुलिस ने आरोपियों को कैसे पकड़ा
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को तिमारपुर की एक बस पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया। IANS के अनुसार, पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी अपनी बस में खराबी आने पर उसे सूरजपुर की एक वर्कशॉप से ठीक कराकर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें परी चौक पर अकेली छात्रा मिली।
बस स्लीपर थी और उसमें पर्दे लगे हुए थे, जिसके कारण बाहर से किसी को अंदर की गतिविधियों का पता नहीं चल सका। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बस को जब्त कर लिया है और उसकी फॉरेंसिक जांच करवाई जा रही है।
इनपुट: IANS



