दिल्ली-NCR में सर्दी और ज़हरीली हवा की दोहरी मार, कई इलाकों में AQI 'बहुत खराब' श्रेणी में
दिल्ली-एनसीआर के करोड़ों लोग इन दिनों मौसम की दोहरी चुनौती का सामना कर रहे हैं। एक तरफ जहां पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण ठंड तेजी से बढ़ रही है, वहीं दूसरी तरफ हवा की…
दिल्ली-एनसीआर के करोड़ों लोग इन दिनों मौसम की दोहरी चुनौती का सामना कर रहे हैं। एक तरफ जहां पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण ठंड तेजी से बढ़ रही है, वहीं दूसरी तरफ हवा की गुणवत्ता एक बार फिर बिगड़कर 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बदलाव से सुबह-शाम की ठिठुरन बढ़ गई है और लोगों को सांस लेने में भी परेशानी हो रही है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार, दिल्ली और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 24-25 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। इसके साथ ही 26 और 27 नवंबर के लिए घने कोहरे का अलर्ट भी जारी किया गया है, जिससे दृश्यता पर असर पड़ सकता है। पूर्वानुमान है कि 28 से 30 नवंबर के बीच कोहरा और भी घना हो सकता है।
प्रदूषण फिर चिंताजनक स्तर पर
करीब 10 दिनों तक 'ऑरेंज ज़ोन' में रहने के बाद दिल्ली-एनसीआर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) अब 'लाल निशान' को पार कर गया है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में आनंद विहार 348 AQI के साथ सबसे प्रदूषित इलाकों में से एक रहा, जो 'गंभीर' श्रेणी में आता है। इसके अलावा बुराड़ी क्रॉसिंग में 305, बवाना में 261 और आया नगर में 249 AQI दर्ज किया गया।
NCR के शहरों का भी बुरा हाल
दिल्ली से सटे शहरों में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब है। गाजियाबाद का वेद विहार-लोनी 349 AQI के साथ सबसे चिंताजनक स्थिति में है। वहीं, नोएडा के सेक्टर-62 में AQI 346 दर्ज किया गया। गाजियाबाद के अन्य इलाकों जैसे गोविंदपुरम में 279 और वेव सिटी में 264 AQI रहा। नोएडा में भी सेक्टर-143 में AQI 299 और सेक्टर-116 में 213 मापा गया, जो हवा की खराब स्थिति को दर्शाता है।
इनपुट: IANS



