दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर जानलेवा चीनी मांझे का कहर, 3 महीने की बच्ची के सिर से उठा पिता का साया
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का हाल ही में उद्घाटित हुआ नया हिस्सा एक परिवार के लिए मातम का सबब बन गया। ऑफिस से घर लौट रहे 26 वर्षीय विकास कुमार की गर्दन चीनी मांझे से कटने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। यह…
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का हाल ही में उद्घाटित हुआ नया हिस्सा एक परिवार के लिए मातम का सबब बन गया। ऑफिस से घर लौट रहे 26 वर्षीय विकास कुमार की गर्दन चीनी मांझे से कटने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा दिल्ली में प्रतिबंधित मांझे के खतरे को एक बार फिर सामने लाता है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, और उनकी तीन महीने की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया है।
यह भयानक हादसा बारापुला से फरीदाबाद की ओर जाने वाले रास्ते पर हुआ। विकास अपनी बाइक पर थे और जैसे ही वे बारापुला से एक्सप्रेसवे पर चढ़कर करीब एक किलोमीटर आगे बढ़े, हवा में लहराता हुआ एक मांझा अचानक उनकी गर्दन और गाड़ी में उलझ गया।
कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा
बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण मांझा विकास के गले में गहराई तक धंस गया, जिससे उनका वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान दिल्ली के मीठापुर निवासी 26 वर्षीय विकास कुमार के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी और बेटी के साथ रहते थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच के बाद अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मौत की वजह मांझे से गला कटना और उसके बाद हुआ भीषण सड़क हादसा है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।
इनपुट: IANS



