मंगलवार, 24 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
दिल्ली

दिल्ली में गाड़ियों पर रोक का सुझाव: CTI ने 50 लाख लोगों की रोजी-रोटी पर असर की आशंका जताई

दिल्ली के प्रदूषण संकट से निपटने के लिए दिए गए एक सुझाव ने राजधानी के व्यापारियों और उद्यमियों की चिंता बढ़ा दी है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने मंगलवार को कहा कि अगर दिल्ली में सिर्फ BS-VI…

दिल्ली में गाड़ियों पर रोक का सुझाव: CTI ने 50 लाख लोगों की रोजी-रोटी पर असर की आशंका जताई
(फोटो: IANS)

दिल्ली के प्रदूषण संकट से निपटने के लिए दिए गए एक सुझाव ने राजधानी के व्यापारियों और उद्यमियों की चिंता बढ़ा दी है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने मंगलवार को कहा कि अगर दिल्ली में सिर्फ BS-VI गाड़ियों को प्रवेश दिया गया और व्यावसायिक वाहनों पर रोक लगाई गई, तो इससे 50 लाख से ज़्यादा लोगों की आजीविका प्रभावित हो सकती है।

विज्ञापन

समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, CTI ने सुप्रीम कोर्ट में प्रदूषण पर सुनवाई के दौरान आए इस सुझाव पर गहरी चिंता व्यक्त की है। संगठन ने अदालत से अपील की है कि वेयरहाउस, ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर और ट्रांसपोर्टरों को राहत दिए बिना इस तरह का कोई भी प्रतिबंध लागू न किया जाए।

व्यापार पर क्या होगा असर?

CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि प्रदूषण पर लगाम लगाना ज़रूरी है, लेकिन बिना तैयारी के इस सुझाव को लागू करने से दिल्ली के 20 लाख से ज़्यादा व्यापारी, उद्यमी, ट्रांसपोर्टर और ग्राहक सीधे तौर पर प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा, "अगर इनके परिवार के सदस्यों को जोड़ दिया जाए तो 50 लाख से ज़्यादा लोगों की रोजी रोटी पर असर पड़ेगा।"

उद्योग संगठन के अनुसार, इस प्रतिबंध से दिल्ली में माल ढुलाई की लागत दो से तीन गुना तक बढ़ सकती है। वर्तमान में ट्रक सीधे आजादपुर मंडी, सदर बाजार, चांदनी चौक और करोल बाग जैसे प्रमुख बाजारों तक सामान पहुंचाते हैं। नई व्यवस्था में माल को बॉर्डर पर उतारकर वेयरहाउस में रखना होगा, फिर छोटी इलेक्ट्रिक गाड़ियों से शहर में लाना पड़ेगा। इससे लोडिंग-अनलोडिंग, वेयरहाउस और ईवी का किराया बढ़ जाएगा, जिसका बोझ अंततः दुकानदार और आम ग्राहक पर पड़ेगा।

उद्योगों के पलायन और रोजगार का संकट

CTI ने यह भी आशंका जताई है कि इस कदम से दिल्ली के उद्योग पड़ोसी NCR शहरों में शिफ्ट हो सकते हैं। बवाना, नरेला, ओखला, मायापुरी जैसे औद्योगिक क्षेत्रों की हजारों फैक्टरियों में कच्चा माल ट्रकों से ही आता-जाता है। CTI ने कहा, "अगर ट्रक नहीं घुसेगा, तो फैक्ट्री मालिक अपनी फैक्ट्री गाजियाबाद, बहादुरगढ़, मानेसर, सोनीपत, फरीदाबाद शिफ्ट कर देंगे। दिल्ली में रोजगार घटेगा, इंडस्ट्री खाली हो जाएगी।"

CTI ने क्या समाधान सुझाया?

संगठन ने मांग की है कि बिना किसी लिखित रोडमैप के कोई तत्काल रोक न लगाई जाए और 5 साल की योजना सरकार, व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों के साथ मिलकर बनाई जाए। CTI ने यह भी तर्क दिया कि सिर्फ दिल्ली पर रोक लगाने से व्यापार NCR में चला जाएगा और प्रदूषण कम होने की बजाय सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह शिफ्ट होगा।

बृजेश गोयल ने कहा, "हम सुप्रीम कोर्ट का सम्मान करते हैं, पर्यावरण की रक्षा हम सबकी जिम्मेदारी है... कोई भी फैसला लेने से पहले व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों को सुना जाए। प्रदूषण भी रुके और व्यापार भी बचे, ऐसा संतुलित रास्ता निकाला जाए।"

इनपुट: IANS

N

News4Social दिल्ली डेस्क

News4Social दिल्ली डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से दिल्ली और एनसीआर से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →