दिल्ली: छात्राओं की साइकिल योजना पर घोटाले का साया, 'आप' ने लगाया 90 करोड़ की गड़बड़ी का आरोप
दिल्ली में छात्राओं को मुफ़्त साइकिल बांटने की योजना पर सियासी घमासान छिड़ गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने रेखा गुप्ता सरकार पर साइकिल खरीद में बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाते हुए इसे 90 करोड़…
दिल्ली में छात्राओं को मुफ़्त साइकिल बांटने की योजना पर सियासी घमासान छिड़ गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने रेखा गुप्ता सरकार पर साइकिल खरीद में बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाते हुए इसे 90 करोड़ रुपए का घोटाला करार दिया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, 'आप' का दावा है कि छात्राओं को जिस मॉडल की साइकिल दी जा रही है, वह कागजों में दिखाए गए महंगे मॉडल से बिलकुल अलग है।
दिल्ली 'आप' के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सरकार ने 'हीरो स्काइलर 26टी' मॉडल खरीदने का दावा किया, लेकिन असल में छात्राओं को 'हीरो बोनफायर' मॉडल की साइकिलें दी जा रही हैं, जिन पर सिर्फ 'स्काइलर' का स्टीकर चिपका दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने हीरो साइकिल के डीलरों से पता किया, तो जानकारी मिली कि स्काइलर मॉडल का उत्पादन कंपनी काफी पहले ही बंद कर चुकी है।
साइकिल मॉडल और कीमत में हेरफेर का आरोप
सौरभ भारद्वाज के अनुसार, सरकारी वर्क ऑर्डर में साफ तौर पर 'हीरो स्काइलर 26टी' मॉडल का जिक्र है, जिसमें सात गियर, डिस्क ब्रेक और फ्रंट सस्पेंशन जैसी खूबियां होती थीं। हालांकि, छात्राओं को जो साइकिलें मिली हैं, उनमें से कोई भी फीचर मौजूद नहीं है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने हर साइकिल लगभग 6,957 रुपए में खरीदी है, जबकि वितरित की जा रही 'बोनफायर' मॉडल की साइकिलों की थोक कीमत 4,000 रुपए से भी कम है।
इस हिसाब से, 'आप' ने आरोप लगाया कि लगभग 1 लाख 30 हजार साइकिलों की खरीद पर प्रति साइकिल करीब 3,000 रुपए का अतिरिक्त भुगतान किया गया, जिससे सरकारी खजाने को करोड़ों का नुकसान हुआ। भारद्वाज ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से भी इस बारे में कई बार सवाल किया, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।
पारदर्शिता और जांच की मांग
पार्टी ने इस पूरे मामले को छात्राओं के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर मामला बताया है। सौरभ भारद्वाज ने सरकार से मांग की है कि वह पूरी खरीद प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज़, जैसे कि टेंडर, मॉडल का चुनाव और भुगतान की जानकारी सार्वजनिक करे। 'आप' ने सरकार से यह भी स्पष्ट करने को कहा है कि आखिर छात्राओं को किस मॉडल की साइकिल वितरित की जा रही है।
इनपुट: IANS



