दिल्ली: चलती बस में छात्रा से गैंगरेप के आरोप पर गरमाई सियासत, 'आप' ने कानून-व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल
राजधानी दिल्ली में एक बार फिर महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नोएडा से दिल्ली आ रही एक बस में नाबालिग छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी (आप)…
राजधानी दिल्ली में एक बार फिर महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नोएडा से दिल्ली आ रही एक बस में नाबालिग छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) ने केंद्र और दिल्ली सरकार की कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, 'आप' के वरिष्ठ नेताओं ने इस घटना को लेकर पुलिस की कार्यशैली और महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सरकार के रवैये की कड़ी आलोचना की है।
आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि दिल्ली में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस का डर खत्म हो गया है। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने सवाल उठाया कि एक संवेदनशील रूट पर चलती बस में इतनी गंभीर वारदात कैसे हो गई और उस वक्त पुलिस की भूमिका क्या थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस राजनीतिक विरोधियों पर कार्रवाई करने में तो तत्पर रहती है, लेकिन महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ हो रहे अपराधों को रोकने में नाकाम साबित हो रही है।
पुराने मामलों का भी दिया हवाला
पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने राजधानी को बच्चों के खिलाफ यौन अपराधों के लिए असुरक्षित बताते हुए कई पुरानी घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हाल में छोटे बच्चों से यौन उत्पीड़न के कई मामले सामने आए हैं, जिसमें रविवार को एक स्कूल वैन में तीन साल की बच्ची और एक प्ले स्कूल में तीन साल के बच्चे से यौन उत्पीड़न की घटनाएं शामिल हैं।
सौरभ भारद्वाज ने जनकपुरी के एक निजी स्कूल में तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म के पुराने मामले का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच में स्कूल में सीसीटीवी कैमरे बंद होने, पॉक्सो एक्ट के प्रशिक्षण की कमी और चाइल्ड वेलफेयर की उचित व्यवस्था न होने जैसी खामियां सामने आई थीं, लेकिन सरकार ने अपेक्षित कार्रवाई नहीं की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस स्कूल से जुड़ी फाइल राजस्व विभाग से गायब हो गई और हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी उसे पेश नहीं किया गया।
"पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों के लिए"
पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं ने भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा। 'आप' के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि निर्भया कांड के बाद भी महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया है। वहीं, पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने आरोप लगाया कि दिल्ली में हत्या, रंगदारी, रेप और गैंगरेप जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम आदमी असुरक्षित महसूस कर रहा है। दोनों नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को परेशान करने के लिए किया जा रहा है।
इनपुट: IANS



