दिल्ली: मृत महिला को मालिक बताकर 3 करोड़ का लोन हड़पा, प्रॉपर्टी डीलर मनीष कुमार गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने एक बड़े प्रॉपर्टी लोन घोटाले का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, आरोपी ने आनंद विहार स्थित एक संपत्ति पर…
दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने एक बड़े प्रॉपर्टी लोन घोटाले का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, आरोपी ने आनंद विहार स्थित एक संपत्ति पर जाली दस्तावेजों के सहारे करीब 3 करोड़ रुपए का लोन हासिल किया और इस पूरे फर्जीवाड़े को अंजाम देने के लिए उसने मृत व्यक्तियों तक का इस्तेमाल किया।
59 वर्षीय आरोपी मनीष कुमार को पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर स्थित उसके दफ्तर से पकड़ा गया। पुलिस ने बताया कि मनीष खुद एक फाइनेंसर और लोन एजेंट के तौर पर काम करता था। उसने एम/एस प्रोटियम फाइनेंस लिमिटेड नाम की कंपनी से लोन लेने के लिए एक ऐसी महिला को संपत्ति का असली मालिक दिखाया, जिसकी पहले ही मौत हो चुकी थी।
ऐसे दिया गया घोटाले को अंजाम
जांच में यह बात सामने आई कि इस धोखाधड़ी की नींव 9 नवंबर, 2022 को तैयार की गई एक फर्जी सेल डीड (बिक्री विलेख) पर रखी गई थी। आरोप है कि इसी एक संपत्ति के लिए महज 25 दिनों के भीतर दो बार फर्जी बिक्री विलेख तैयार किए गए, ताकि वित्तीय संस्थानों से लोन लिया जा सके।
खुद को संपत्ति का खरीदार बताने वाला मनीष कुमार ही इस पूरी साजिश का मुख्य सूत्रधार था। उसने न सिर्फ फर्जी पहचान और दस्तावेज इस्तेमाल किए, बल्कि लोन में सह-आवेदक के तौर पर एक अन्य मृत महिला को अपनी पत्नी के रूप में दिखाया, जबकि उसकी असली पत्नी कोई और है।
फर्जी कंपनियां बनाकर खपाई रकम
यह पूरा मामला एम/एस प्रोटियम फाइनेंस लिमिटेड के प्रतिनिधि लवलीन मनचंदा की शिकायत के बाद दर्ज किया गया था। जांच में पता चला कि मनीष एम/एस ग्लोबल ट्रेडिंग कंपनी का संचालक है। उसने लोन की रकम को ठिकाने लगाने के लिए एम/एस ग्लोबल फाइनेंस लिमिटेड और एम/एस बांके बिहारी एंटरप्राइजेज जैसी कई फर्जी कंपनियां भी बना रखी थीं।
पुलिस ने आरोपी के पास से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड, डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट, अलग-अलग बैंकों की चेकबुक और पीओएस मशीनें समेत कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं। EOW ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
इनपुट: IANS



