दिल्ली: स्कूल जा रही 12 साल की छात्रा की DTC बस की टक्कर से मौत, कोंडली मोड़ पर दर्दनाक हादसा
पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार इलाके में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय छात्रा की जान चली गई। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के लिए स्कूल जा रही बच्ची की स्कूटी को एक तेज रफ्तार डीटीसी बस ने…
पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार इलाके में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय छात्रा की जान चली गई। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के लिए स्कूल जा रही बच्ची की स्कूटी को एक तेज रफ्तार डीटीसी बस ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, घटना के बाद गुस्साए लोगों ने बस में तोड़फोड़ की, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।
हादसा मयूर विहार फेज-3 स्थित कोंडली मोड़ के पास हुआ। 8वीं कक्षा की छात्रा कायना पाल अपने चाचा के साथ स्कूटी पर बैठकर खिचड़ीपुर से वसुंधरा एन्क्लेव स्थित अपने ईस्ट प्वाइंट स्कूल जा रही थी। स्कूल में 15 अगस्त से जुड़ा एक कार्यक्रम था, जिसमें वह हिस्सा लेने के लिए निकली थी।
लापरवाही और तेज रफ्तार का आरोप
मृतक बच्ची के रिश्तेदार वीरेंद्र सिंह ने IANS को बताया कि कायना के चाचा सामान्य गति से स्कूटी चला रहे थे, लेकिन दल्लूपुरा के पास पीछे से आ रही एक डीटीसी बस ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्होंने आरोप लगाया कि बस चालक लापरवाही से और बहुत तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। उन्होंने यह भी दावा किया कि बस ने ओवरटेक करने की कोशिश में गलत दिशा से आकर स्कूटी को टक्कर मारी।
टक्कर लगते ही स्कूटी सड़क पर गिर गई और कायना बस की चपेट में आ गई। गंभीर चोटों के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे में कायना के चाचा को भी पैर और घुटने में चोटें आई हैं।
आक्रोशित भीड़ ने की तोड़फोड़
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। जब लोगों को पता चला कि बस का ड्राइवर बच्ची को कुचलकर भाग गया है, तो उनका गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित भीड़ ने डीटीसी बस में जमकर तोड़फोड़ की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है।
इनपुट: IANS



