टिकरी कलां CNG पंप हादसा: गैस भराते ट्रक में हुआ धमाका, एक की मौत और छह लोग घायल
पश्चिमी दिल्ली के टिकरी कलां इलाके में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक CNG पंप पर गैस भराने आए ट्रक में जोरदार धमाका हो गया। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में एक…
पश्चिमी दिल्ली के टिकरी कलां इलाके में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक CNG पंप पर गैस भराने आए ट्रक में जोरदार धमाका हो गया। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक CNG फिलिंग स्टेशन पर हुई। दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, उन्हें दोपहर 3:37 बजे इस विस्फोट की सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकल की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं और बचाव कार्य शुरू किया गया।
जांच में जुटीं टीमें, कारण अज्ञात
प्रारंभिक जानकारी से पता चला है कि ट्रक पंप पर CNG भरवाने के लिए आया था, तभी उसमें यह विस्फोट हुआ। दिल्ली पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे इलाके को नियंत्रण में लिया। धमाके का सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि यह किसी तकनीकी खराबी, गैस रिसाव या किसी अन्य वजह से हुआ।
अग्निशमन विभाग ने बताया कि धमाके की चपेट में आने वाले सभी लोग ट्रक के आसपास ही मौजूद थे। बताया जा रहा है कि मृतक संभवतः CNG पंप का ही कोई कर्मचारी था। गनीमत रही कि समय रहते स्थिति को काबू कर लिया गया, वरना CNG पंप पर हुआ यह हादसा और भी भयावह रूप ले सकता था। मामले पर विस्तृत बयान का इंतजार है।
इनपुट: IANS



