Delhi Cold Wave: दिल्ली में अगले 6-7 दिन ठंड पूरे शबाब पर होगी, घने कोहरे पर IMD का अलर्ट
वेदरमैन नवदीप दहिया के अनुसार, पंजाब और उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाया हुआ है। यह मंगलवार को दिल्ली एनसीआर, हरियाणा और राजस्थान को भी अपनी चपेट में ले लेगा। इसकी वजह से विजिबिलिटी काफी कम रहेगी। इस पूरे हफ्ते दिल्ली में शीत लहर का प्रकोप दिन और रात के समय रहने के आसार है।
दिल्ली में घने कोहरे और शीत लहर का अलर्ट
शीत लहर कब तक चलेगी?
मौसम वैज्ञानिक रंजीत सिंह का कहना है कि हवा चलने की वजह से पिछले दिनों कोहरे का असर कम हो गया था। अब एक बार हवा थमी है, जिसकी वजह से कोहरे का प्रकोप बढ़ेगा। फिर दो दिन बाद शीत लहर का असर शुरू होगा, जो पूरे सप्ताह तक बना रहेगा। उनका कहना है कि हल्का पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश की तरफ से बढ़ रहा है। इसकी वजह से पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहां से चलीं वाली सर्द हवाओं की वजह से मैदानी क्षेत्र में शीत लहर का प्रकोप बढ़ेगा।
मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ आने से पहाड़ों पर बर्फबारी हुई है। अबतक हवाएं कमजोर थी इसलिए सर्दी की रफ्तार नहीं बढ़ रही थी। अब हवा तेज होगी। हालांकि कोहरा नहीं रहेगा और आसमान साफ होगा। ऐसे में तापमान में कमी आएगी। इससे गलन बढ़ेगी। अबतक उत्तर पश्चिमी हवाएं चल रही थीं लेकिन अब उत्तरी हवाएं चलने लगेंगी।
कड़ाके की ठंड में इन बातों का रखें ध्यान
- स्किन पर पर्याप्त मॉश्चराइज करें।
- विटामिन-सी से भरपूर फलों का सेवन करें। शरीर को गर्म रखने और इम्युनिटी बढ़ाने वाले पेय लें।
- ज्यादा देर बाहर रहने से बचें।
- खुद को खुश्क रखें, गीले कपड़ों से बचें।
यूपी: हवा-धुंध से धूप भी ठिठुरी
मौसम विभाग के अनुसार, यूपी को अगले दो दिन तक ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। सर्द हवाओं के बीच धुंध छाए रहने से तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ सकती है। अमौसी स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एम दानिश ने बताया कि 6 से 8 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली पश्चिमी हवाएं ठिठुरन पैदा कर रही हैं। मौसम विभाग ने लखनऊ समेत कई जिलों में कोहरे के साथ कोल्ड डे कंडीशन की चेतावनी जारी की है।
धूप ने दिल्लीवालों को ठंड से हल्की राहत दी, अब दो दिन बाद बढ़ेगी ठंड

