दिल्ली: आसान कमाई के लिए कैब ड्राइवर की हत्या, नाबालिग समेत 3 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
दिल्ली के शाहदरा इलाके में एक कैब चालक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। महज़ आसान तरीके से पैसा कमाने के इरादे से चार लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के…
दिल्ली के शाहदरा इलाके में एक कैब चालक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। महज़ आसान तरीके से पैसा कमाने के इरादे से चार लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनके चौथे साथी की तलाश जारी है।
यह घटना 23 जुलाई की है, जब कृष्णा नगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि रोड नंबर-57 पर मेट्रो पिलर नंबर-90 के पास एक व्यक्ति पर चाकुओं से हमला हुआ है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो एक वैगन-आर कार में चालक की सीट पर 40 वर्षीय विजय कुमार गंभीर रूप से घायल मिले। वेस्ट विनोद नगर निवासी विजय को तुरंत हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कैसे सुलझी हत्या की गुत्थी?
मामले की गंभीरता को देखते हुए शाहदरा जिले के डीसीपी ने स्पेशल स्टाफ और कृष्णा नगर थाने की संयुक्त टीमों का गठन किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और तकनीकी निगरानी की मदद से आरोपियों का सुराग न्यू सीलमपुर तक लगाया। लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने 20 वर्षीय अयान, 19 वर्षीय साहिल और एक 17 वर्षीय किशोर को पकड़ लिया। उनके चौथे साथी अमन की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
शराब पीने के बाद बनाई लूट की योजना
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनकी जाफराबाद के कुछ युवकों से पुरानी दुश्मनी थी, जिसके लिए उन्होंने पहले से एक चाकू का इंतजाम कर रखा था। बाद में चारों ने मिलकर शराब पी और आसान पैसे के लिए एक कैब चालक को लूटने की योजना बना डाली। IANS के अनुसार, अमन ने अयान के मोबाइल से ऑनलाइन कैब बुक की और चित्रा विहार रेड लाइट के पास उन्होंने ड्राइवर विजय कुमार पर चाकू से हमला कर दिया। वे कार लेकर फरार हो गए और बाद में उसे ईस्ट आजाद नगर मेट्रो स्टेशन के पास लावारिस छोड़ दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू, वैगन-आर कार और घटना के वक्त पहने गए आरोपियों के कपड़े बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अयान पहले भी लूट और झपटमारी के चार मामलों में शामिल रहा है, जबकि साहिल पर भी झपटमारी का एक केस दर्ज है।
इनपुट: IANS



