सोमवार, 31 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
बिहार

पटना में 4 युवकों की संदिग्ध मौत: तेजस्वी यादव ने उठाए सवाल, बोले- सरकार बताए क्यों मारे जा रहे गरीब

बिहार के पटना जिले में चार युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है। इस घटना को लेकर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर…

पटना में 4 युवकों की संदिग्ध मौत: तेजस्वी यादव ने उठाए सवाल, बोले- सरकार बताए क्यों मारे जा रहे गरीब
(फोटो: IANS)

बिहार के पटना जिले में चार युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है। इस घटना को लेकर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि ऐसी घटनाओं में लगातार गरीब और वंचित तबके के लोगों की जान जा रही है।

विज्ञापन

समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, "यह कोई पहली घटना नहीं है, जिसमें जहरीली शराब से लोगों की मृत्यु हुई है। इससे पहले भी कई बार इस तरह की घटनाएं हुई हैं।" उन्होंने प्रशासन को पूरी तरह लापरवाह बताते हुए राज्य में कानून-व्यवस्था के ध्वस्त होने का आरोप लगाया।

प्रशासन की भूमिका पर सवाल

तेजस्वी यादव ने सवाल किया कि अगर इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से जवाब मांगते हुए कहा, "आखिर ऐसी घटनाएं कैसे हो रही हैं और इन्हें रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं, इसका जवाब प्रशासन को देना चाहिए।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं में खासतौर पर दलित या अति पिछड़े समाज के लोग मारे जा रहे हैं और जेल भी उन्हीं को भेजा जा रहा है।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला पटना के बाढ़ अनुमंडल स्थित बेढ़ना गांव का है, जहां रविवार को चार युवकों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों का आरोप है कि चारों युवकों की तबीयत कथित तौर पर जहरीली शराब पीने के बाद बिगड़ी थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। हालांकि, पुलिस ने अब तक मौत की वजह के तौर पर जहरीली शराब की पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा और फिलहाल मामले की जांच जारी है।

इनपुट: IANS

N

News4Social बिहार डेस्क

News4Social बिहार डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से बिहार से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →