चमोली टनल हादसा: CM धामी ने घटनास्थल पहुँचकर लिया जायजा, 3 मज़दूरों को बचाने की कोशिशें जारी
उत्तराखंड के चमोली में निर्माणाधीन सुरंग में मलबा और पानी भर जाने की बड़ी घटना के बाद बचाव अभियान तेज़ी से जारी है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने…
उत्तराखंड के चमोली में निर्माणाधीन सुरंग में मलबा और पानी भर जाने की बड़ी घटना के बाद बचाव अभियान तेज़ी से जारी है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को घटनास्थल का दौरा कर राहत कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को बाकी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए।
यह हादसा मायापुर (पीपलकोटी) में टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में हुआ। भूस्खलन के कारण लगभग 3 किलोमीटर लंबी इस सुरंग के करीब 1.5 किलोमीटर हिस्से में मलबा और पानी भर गया था, जिससे 22 लोग अंदर फंस गए थे।
बचाव अभियान की ताज़ा स्थिति
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि सुरंग में फंसे कुल 22 लोगों में से 19 को बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, इस घटना में अब तक 7 लोगों की दुखद मौत की पुष्टि हुई है। बाकी बचे 3 लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी और पुलिस की टीमें लगातार जुटी हुई हैं। बचाए गए घायलों का गोपेश्वर के जिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने दिए कड़े निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने खुद सुरंग के अंदर जाकर बचाव कार्यों का निरीक्षण किया और रेस्क्यू में जुटी टीमों से बात की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बचाव अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और इसमें सभी उपलब्ध संसाधनों व तकनीकी विशेषज्ञता का इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज और प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के भी आदेश दिए।
इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, स्थानीय विधायक भूपाल राम टम्टा और कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
इनपुट: IANS



