CM भगवंत मान RTO फेसलेस सर्विस शुरू करेंगे: 29 को लुधियाना में कार्यक्रम, तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे सेक्रेटरी ट्रांसपोर्ट – Ludhiana News h3>
ट्रांसपोर्ट दफ्तर में नया बोर्ड लगाते हुए।
पंजाब के रीजनल ट्रांसपोर्ट दफ्तरों में भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए पंजाब सरकार अब आरटीओ की सभी सेवाएं फेसलेस करने जा रही है। आरटीओ दफ्तर की सभी सेवाएं अब सेवा केंद्रों या ऑनलाइन पोर्टल के जरिए मिलेंगी। आरटीओ दफ्तरों में पब्लिक का आना जीरो किया जाए
.
मुख्यमंत्री भगवंत मान 29 अक्टूबर को आरटीओ दफ्तर की सेवाएं फेसलेस करने का काम शुरू करेंगे। इसके लिए लुधियाना जिला प्रशासकीय कांप्लेक्स में विशेष कार्यक्रम रखा गया है। सेक्रेटरी ट्रांसपोर्ट वरूण रूजम, एसटीसी परनीत शेरगिल लुधियाना पहंचे और उन्होंने डीसी व आरटीओ के साथ तैयारियों का जायजा लिया।
सेक्रेटरी वरूण रूजम, एटीसी परनीत कौर शेरगिल, डीसी हिमांशु जैन व आरटीओ कुलदीप सिंह बावा चर्चा करते हुए।
अब सिर्फ सेवा केंद्र पर मिलेगी आरटीओ की सुविधाएं
पंजाब ट्रांसपोर्ट विभाग ने आरटीओ की 38 सेवाएं पहले ही सेवा केंद्रों में शुरू कर दी थी। अभी तक आरटीओ की सेवाएं लेने के लिए लोगों के पास दो ऑप्शन थे। आरटीओ दफ्तर में भी अपने आवेदन जमा करवा सकते थे और सेवा केंद्र में भी। लेकिन अब सिर्फ सेवा केंद्र में ही आवेदन जमा होंगे। इसके अलावा लोग ऑनलाइन भी आवेदन कर सकेंगे।
सेवाओं के लिए समय सीमा की जाएगी तय
आरटीओ दफ्तर की सेवाओं के लिए ट्रांसपोर्ट विभाग समय सीमा तय करेगा। सेवा केंद्र आवेदक का आवेदन लेकर आरटीओ दफ्तर को भेज देंगे। आरटीओ दफ्तर के कर्मचारियों व अधिकारियों को तय समय सीमा में उसे अप्रूव करना होगा। अगर कर्मचारी और अधिकारी अप्रूव नहीं करेंगे तो वह ऑटो अप्रूव हो जाएगा। अप्रूवल में देर करने वाले कर्मचारी व अधिकारी को ब्लैक लिस्ट किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारी
यह होगी आवेदन की प्रक्रिया
अगर आपने ड्राइविंग लाइसेंस या नई आरसी अप्लाई करनी है या फिर आरटीओ से संबंधित कोई भी आवेदन करना है तो इसके लिए आपको संबंधित दस्तावेज लेकर सेवा केंद्र जाना पड़ेगा। सेवा केंद्र में फॉर्म भरकर अपने दस्तावेज अटैच करके काउंटर पर देने होंगे।
काउंटर पर उन्हें स्कैन किया जाएगा और सीधे आरटीओ दफ्तर को फॉरवर्ड किया जाएगा। दस्तावेजों की जांच के बाद उसे अप्रूव करेंगे और सेवा केंद्र से ही दस्तावेजों की डिलीवरी आवेदक को दी जाएगी। आरसी व ड्राइविंग लाइसेंस घर के पता पर भेजे जाएंगे।
आरटीओ दफ्तर मेंं जीरो फुटफाल करना लक्ष्य
अधिकारियों का कहना है कि आरटीओ दफ्तर में कोई भी न आएं उनको जो भी आवेदन करना है वो अपने पास के सेवा केंद्र में जाकर करें। अगर आपके आवेदन में कोई खामियां होंगी भी तो सेवा केंद्र के जरिए ही आपको मैसेज दिया जाएगा और सेवा केंद्र पर आकर ही उसे ठीक किया जाएगा।
उद्घाटन के मौके पर केजरीवाल के आने की संभावना
29 अक्टूबर को लुधियाना में होने वाले कार्यक्रम में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के नेशनल कनवीनर अरविंद केजरीवाल के आने की संभावना है। हालांकि अभी इस बारे में अधिकारी कुछ भी बताने को तैयार नहीं हैं।
चालान काउंटर को लेकर स्पष्ट नहीं
ट्रैफिक व आरटीओ के चालानों का भुगतान आरटीओ के चालान काउंटर पर होगा या उसे भी सेवा केंद्रों में भेज दिया जाएगा इस पर अभी स्पष्ट नहीं है। अधिकारी भी अभी इस मामले में कुछ भी कहने को तैयार नहीं हैं। दरअसल इन सभी बातों की घोषणाएं कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान प्रेस कांफ्रेंस करके देंगे।
ये सेवाएं मिलेंगे अब सेवा केंद्रों में
वाहन संबंधित सेवाएं (वाहन रजिस्ट्रेशन, ट्रांसफर आदि से जुड़ी)
निजी या व्यावसायिक वाहन की पहली बार रजिस्ट्रेशन
आरसी जारी करना
डुप्लिकेट आरसी जारी करना
पते में परिवर्तन
वाहन स्वामित्व हस्तांतरण
वाहन बेचने या खरीदने पर नए मालिक के नाम ट्रांसफर
वाहन का पुनः पंजीकरण
राज्य बदलने या नंबर बदलवाने के बाद
हाइपोथिकेशन जोड़ना/हटाना
बैंक लोन जोड़ना या पूरा होने पर हटवाना
वाहन फिटनेस प्रमाणपत्र
परमिट जारी/नवीनीकरण
टैक्सी, ट्रक, बस, स्कूल वैन आदि के लिए
रोड टैक्स और ग्रीन टैक्स भुगतान
नंबर प्लेट और फैंसी नंबर आवंटन
वाहन विवरण की ऑनलाइन जाँच और RC डाउनलोड
ड्राइविंग लाइसेंस सेवाएं (SARATHI आधारित)
लर्निंग लाइसेंस
नए आवेदकों के लिए ऑनलाइन आवेदन और टेस्ट
परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस
DL नवीनीकरण
डुप्लिकेट DL जारी करना
पते में परिवर्तन
नई श्रेणी जोड़ना जैसे LMV से Transport में परिवर्तन
DL विवरण का ऑनलाइन प्रिंट / डाउनलोड
अंतरराष्ट्रीय ड्राइविंग परमिट
ड्राइविंग टेस्ट स्लॉट बुकिंग / रद्द करना
शिकायत या सेवा ट्रैकिंग सुविधा
डिजिटल फर्द अब सेवा केंद्रों से उपलब्ध
राजस्व विभाग की ओर से जिन 6 सेवाओं की शुरुआत की गई है, उनमें सबसे पहली सेवा डिजिटल फर्द की है। अब यह दस्तावेज सेवा केंद्र से लिया जा सकता है और नागरिकों को यह दस्तावेज उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए भी भेजा जाएगा। इससे लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
दूसरी सेवा के तहत विरासती इंतकाल के लिए आवेदन अब सेवा केंद्र पर किया जा सकता है। तीसरी सेवा में रजिस्टर्ड वसीके के आधार पर इंतकाल के लिए भी अर्जी दी जा सकती है। चौथी सेवा में फर्द के रिकार्ड में किसी भी प्रकार की एंट्री या करेक्शन के लिए अर्जी दी जा सकती है।
ऋण और कोर्ट केस से जुड़ी रिपोर्ट की एंट्री की भी सुविधा
पांचवीं सेवा में लोगों को ऋण लेने या कोर्ट केस में उपयोग के लिए जरूरी रपट की एंट्री करने का विकल्प मिलेगा। छठी सेवा “सब्सक्रिप्शन सर्विस” है, जिसमें नागरिक अपनी ज़मीन के खाते को सेवा केंद्र में दर्ज करवा सकते हैं। इसके बाद जैसे ही किसी ने उस ज़मीन के साथ छेड़छाड़ की, चाहे कोई लेनदेन या रिकार्ड बदलाव किया, तो नागरिक को तुरंत ही व्हाट्सएप और ईमेल के माध्यम से सूचना मिल जाएगी।
टैंट लगाने के लिए काट दिए पेड़
डीसी दफ्तर की पार्किंग में टैंट लगाकर एक स्टेज तैयार की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक वहां पर मुख्यमंत्री भगवंत मान व केजरीवाल प्रेस के साथ बात करेंगे। टैंट लगाने के लिए पेड़ की मोटी शाखाएं काट दी गई।
