कर्नाटक: स्वतंत्रता दिवस पर मंदिर जा रही छात्राओं को बस ने रौंदा, एक की मौत, दो गंभीर
कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर में स्वतंत्रता दिवस का दिन तीन छात्राओं के लिए मातम में बदल गया, जब उनकी बाइक को एक तेज़ रफ़्तार निजी बस ने टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय एक छात्रा की मौके पर…
कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर में स्वतंत्रता दिवस का दिन तीन छात्राओं के लिए मातम में बदल गया, जब उनकी बाइक को एक तेज़ रफ़्तार निजी बस ने टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी दो सहेलियाँ गंभीर रूप से घायल हो गईं। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, यह घटना चिंतामणि-बेंगलुरु रोड पर कटमाचनाहल्ली गेट के पास तब हुई जब छात्राएँ यू-टर्न ले रही थीं।
पुलिस के अनुसार, तीनों छात्राएँ चिंतामणि के एक निजी कॉलेज में पीयू प्रथम वर्ष में पढ़ती थीं। कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने के बाद वे 'श्रावण शनिवार' के अवसर पर अपनी बाइक से कैवारा मंदिर के लिए निकली थीं। तभी पीछे से आ रही एक तेज़ रफ़्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बस के नीचे फंसकर पूरी तरह कुचल गई।
कौन हैं पीड़ित छात्राएँ?
इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाली छात्रा की पहचान दीपिका (16) के रूप में हुई है, जो कोलार जिले के श्रीनिवासपुर तालुक के आर. गोल्लाहल्ली गाँव की रहने वाली थी। उसकी दो सहेलियाँ भी गंभीर रूप से घायल हुईं। त्रिपुरा (16) के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और तंत्रिका विज्ञान संस्थान (NIMHANS) में भर्ती कराया गया है। वहीं, स्मिता (16) का पैर टूट गया है और उसका इलाज कोलार के एसएनआर अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना के बाद बस का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही चिंतामणि ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की जाँच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश कर रही है।
गौरतलब है कि शनिवार को ही झारखंड के लातेहार जिले में भी एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई थी। वहाँ एक अनियंत्रित कंटेनर ने पहले एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और फिर यात्रियों से भरे एक टेंपो पर पलट गया, जिसमें लगभग सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
इनपुट: IANS



