छत्तीसगढ़: मंत्री केदार कश्यप के काफिले से टकराई गाड़ी, PA समेत छह घायल, दो रायपुर रेफर
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में रविवार को वन मंत्री केदार कश्यप एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए, जब उनके काफिले से एक स्कॉर्पियो गाड़ी टकरा गई। हालांकि मंत्री सुरक्षित हैं, लेकिन इस टक्कर में उनके…
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में रविवार को वन मंत्री केदार कश्यप एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए, जब उनके काफिले से एक स्कॉर्पियो गाड़ी टकरा गई। हालांकि मंत्री सुरक्षित हैं, लेकिन इस टक्कर में उनके निजी सहायक (PA) समेत कुल छह लोग घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना उस समय हुई जब मंत्री का काफिला फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर जा रहा था। जूनवानी के पास सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री की गाड़ी को और फिर उनके पीछे चल रहे फॉलो वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फॉलो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घायलों की स्थिति और इलाज
हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को कोंडागांव जिला अस्पताल ले जाया गया। मंत्री केदार कश्यप भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
गंभीर चोटों के चलते चार घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। इनमें मंत्री के पीए अनुराग शर्मा (सीने में दर्द), वाहन चालक सुनील कुमार मौर्य (सिर, चेहरे और पैर में चोट), प्रधान आरक्षक राजेश नेताम (सिर में गंभीर चोट) और आरक्षक सुगंतिन उसेंडी (सिर में गंभीर चोट) शामिल हैं।
इसके अलावा, आरक्षक त्रिलोतमा मदरू को सिर, सीने, पीठ और हाथ में चोटें आई हैं, जबकि आरक्षक नर्मदा मरकाम के सिर और कंधे में चोट लगी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और स्कॉर्पियो चालक से पूछताछ कर हादसे की परिस्थितियों का पता लगा रही है।
इनपुट: IANS



