छात्रों पर लाठीचार्ज का विरोध: झारखंड में भाजपा के बंद का व्यापक असर, कई ज़िलों में सड़कें जाम
झारखंड में नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया। समाचार…
झारखंड में नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस बंद का रांची, हजारीबाग, पलामू और गिरिडीह समेत कई जिलों में व्यापक असर देखने को मिला, जहाँ पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए।
राज्य भर में प्रदर्शनकारियों ने कई प्रमुख मार्गों पर चक्का जाम कर दिया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। राजधानी रांची के हरमू चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर सड़क जाम किया और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसी तरह पलामू के डालटनगंज में छहमुहान और रेडमा चौक पर भी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सिमडेगा में राष्ट्रीय राजमार्ग-143 को जाम कर दिया गया, जबकि गिरिडीह के धनवार और चतरा के प्रतापपुर से भी सड़क जाम करने की खबरें हैं।
क्यों बुलाया गया बंद?
यह बंद सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद बुलाया गया था। हज़ारों छात्र झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की विवादित परीक्षाओं को रद्द करने, भर्ती प्रक्रिया में सुधार लाने और पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर विधानसभा की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी, लेकिन जब वे आगे बढ़े तो उन पर वाटर कैनन, आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया गया, जिसमें कई छात्र और पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बंद को देखते हुए प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात किया है और निगरानी बढ़ा दी है। भाजपा ने घोषणा की है कि बंद सुबह आठ बजे से रात 11 बजे तक प्रभावी रहेगा। हालांकि, पार्टी ने स्वास्थ्य सेवाओं और देवघर जाने वाले कांवड़ियों को इस बंद से मुक्त रखा है। पार्टी के पलामू जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने राज्य सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है।
इनपुट: IANS



