By election results 2022: 4 राज्‍यों की 5 सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज, शत्रुघ्न सिन्हा और बाबुल सुप्रियो समेत दांव पर कई दिग्‍गजों की किस्‍मत

233
By election results 2022: 4 राज्‍यों की 5 सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज, शत्रुघ्न सिन्हा और बाबुल सुप्रियो समेत दांव पर कई दिग्‍गजों की किस्‍मत

By election results 2022: 4 राज्‍यों की 5 सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज, शत्रुघ्न सिन्हा और बाबुल सुप्रियो समेत दांव पर कई दिग्‍गजों की किस्‍मत

नई दिल्‍ली: एक लोकसभा और चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव (By election results 2022) के नतीजे आज आ जाएंगे। शनिवार 16 अप्रैल सुबह 8 बजे से मतों की ग‍िनती शुरू होगी। इसमें बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट भी शामिल है जो कि बाबुल सुप्रियो की वजह से खाली हुई। इसके अलावा छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और बिहार की भी एक-एक विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के पर‍िणाम आएंगे। बाबुल सुप्रियो ने पिछले साल अपनी लोकसभा सीट आसनसोल से इस्तीफा दे दिया था। बाबुल सुप्रियो के भारतीय जनता पार्टी (BJP) से तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल होने के बाद उन्होंने आसनसोल के सांसद के रूप में इस्तीफा दे दिया था। वहीं, बालीगंज का प्रतिनिधित्व करने वाले राज्य के मंत्री सुब्रत मुखर्जी का पिछले साल निधन हो गया था। इन कारणों से इन दोनों सीटों पर मतदान हुआ।

टीएमसी से मैदान में शत्रुघ्न सिन्हा
आसनसोल से टीएमसी की ओर से दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और BJP ने आसनसोल दक्षिण से विधायक अग्निमित्र पॉल अपना भाग्‍य आजमा रहे हैं। जबकि बालीगंज में तृणमूल ने सुप्रियो और बीजेपी ने केया घोष और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने सायरा शाह को मैदान में उतारा। दोनों सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार भी उतरे हैं।

बिहार की बोचहा विधानसभा सीट पर सबकी नजर
बंगाल के अलावा बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की बोचहा विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव हुआ। 13 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज होगा। इन 13 उम्मीदवारों में तीन महिलाएं हैं। इस सीट पर उपचुनाव विधायक मुसाफिर पासवान के निधन के कारण हुआ। पासवान ने बॉलीवुड सेट डिजाइनर से नेता बने मुकेश साहनी की विकासशील इंसान पार्टी के टिकट पर जीत हासिल की थी। VIP ने अब गीता देवी को मैदान में उतारा है। वहीं, बीजेपी ने बैबी कुमारी को टिकट दी है।

छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ विधानसभा सीट
छत्तीसगढ़ में नक्सल प्रभावित राजनांदगांव जिले की खैरागढ़ विधानसभा सीट जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद खाली हुई। इस सीट के लिए 10 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे। इस सीट पर मुख्य मुकाबला सत्ताधारी दल कांग्रेस, विपक्षी दल बीजेपी और जनता कांग्रेस के बीच होने की संभावना है। खैरागढ़ विधानसभा सीट पर ज्यादातर समय कांग्रेस का कब्जा रहा है। हालांकि, 2018 में बीजेपी के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर के बावजूद कांग्रेस इस सीट को नहीं जीत सकी थी। इस सीट पर पार्टी को तीसरे स्थान पर ही संतोष करना पड़ा था।

महाराष्ट्र के कोल्हापुर उत्तर विधानसभा सीट
महाराष्ट्र में कोल्हापुर उत्तर विधानसभा सीट दिसंबर 2021 में कोविड-19 से कांग्रेस विधायक चंद्रकांत जाधव के निधन के बाद खाली हुई थी। इस कारण यहां उपचुनाव हुए। चुनावी मैदान में 15 उम्मीदवार हैं। लेकिन मुख्य मुकाबला राज्य में महाविकास अघाड़ी नीत सरकार के घटक दल कांग्रेस और विपक्षी बीजेपी के बीच होने की संभावना है। दिवंगत विधायक की पत्नी जयश्री जाधव कांग्रेस की उम्मीदवार हैं। जबकि बीजेपी ने सत्यजीत कदम को चुनाव मैदान में उतारा है।



Source link