बर्ड फ्लू से सुरक्षा: भारत ने लॉन्च की पहली स्वदेशी वैक्सीन, पोल्ट्री उद्योग और इंसानों को मिलेगी राहत
भारत ने बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) के खिलाफ लड़ाई में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। देश में ही विकसित की गई पहली स्वदेशी वैक्सीन अब उपलब्ध है, जो न केवल पोल्ट्री उद्योग को भारी नुकसान से बचाएगी…
भारत ने बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) के खिलाफ लड़ाई में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। देश में ही विकसित की गई पहली स्वदेशी वैक्सीन अब उपलब्ध है, जो न केवल पोल्ट्री उद्योग को भारी नुकसान से बचाएगी, बल्कि इस बीमारी के इंसानों में फैलने के खतरे को भी कम करेगी। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 20 नवंबर को इस वैक्सीन को देश को समर्पित किए जाने की जानकारी दी।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक वीडियो संदेश में बताया कि यह टीका पूरी तरह से स्वदेशी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से विकसित किया गया है। उन्होंने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए इसे देश के लिए एक खुशखबरी बताया।
किसने बनाई और क्यों है यह महत्वपूर्ण?
इस महत्वपूर्ण वैक्सीन का विकास भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के तहत आने वाले राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) ने किया है। बर्ड फ्लू एक गंभीर संक्रामक रोग है, जिसके कारण भारत में अब तक 500 से ज्यादा बार प्रकोप फैल चुका है। इससे बड़े पैमाने पर मुर्गियों की मौत होती है, जिससे पोल्ट्री किसानों को आर्थिक रूप से भारी क्षति उठानी पड़ती है।
शिवराज सिंह चौहान ने अपने संदेश में कहा, "बर्ड फ्लू एक ऐसी बीमारी है, जो यदि फैल जाए तो भारी नुकसान करती है। बड़ी संख्या में मुर्गियां तो मारी जाती ही हैं, लेकिन मुर्गियों से इंसानों में भी इस बीमारी के फैलने का खतरा रहता है... लेकिन अब डरने की बात नहीं है।" उन्होंने स्पष्ट किया कि यह वैक्सीन मुर्गियों को बीमारी से बचाएगी, जिससे इंसानों में इसका संक्रमण फैलने की आशंका भी खत्म हो जाएगी।
पशु स्वास्थ्य और किसानों की आय
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पशुओं को संक्रामक रोगों से बचाने के लिए स्वदेशी टीकों के विकास की भूमिका पर जोर दिया था। उन्होंने शुक्रवार को बताया कि पिछले 12 वर्षों में इस दिशा में किए गए प्रयासों से पशुओं के स्वास्थ्य की रक्षा करने, बीमारियों से होने वाले नुकसान को कम करने और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिली है। उन्होंने इसे किसानों की समृद्धि और ग्रामीण भारत के सशक्तीकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
इनपुट: IANS



