पटना में छात्रों पर लाठीचार्ज: तेजस्वी यादव का सरकार पर हमला, बोले - 'तानाशाही रवैया खत्म नहीं हो रहा'
बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को छात्र संगठनों के प्रदर्शन पर हुई पुलिस कार्रवाई ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर एनडीए सरकार पर तीखा…
बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को छात्र संगठनों के प्रदर्शन पर हुई पुलिस कार्रवाई ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर एनडीए सरकार पर तीखा निशाना साधते हुए छात्रों के प्रति तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि सरकार चौतरफा आलोचना और विपक्ष के दबाव के कारण छात्रों पर गोली चलाना तो छोड़ सकती है, लेकिन लाठीचार्ज नहीं। उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, “चोर चोरी से जाए, सीनाजोरी से न जाए।”
छात्रों की मांगों पर सरकार का रवैया
विभिन्न छात्र संगठन मंगलवार को पटना में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। उनकी मुख्य मांगों में भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता लाना, समय पर परीक्षाएँ और परिणाम जारी करना, और सरकारी नौकरियों से जुड़ी प्रक्रियाओं में तेज़ी लाना शामिल था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर छात्रों को रोकने की कोशिश की और उन पर वाटर कैनन के साथ हल्के बल का भी प्रयोग किया।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सरकार नौकरी और पढ़ाई के लिए संघर्ष कर रहे युवाओं से बातचीत करने के बजाय अधिकारियों से उनका अपमान कराती है और शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस से लाठीचार्ज करवाती है।
'युवा डरने वाले नहीं'
राजद नेता ने आगे कहा कि “मनी और मशीन” के लूट तंत्र से बनी सरकार से बिहार के युवा डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि चाहे छात्रों पर लाठी चले या गोली, वे अब पीछे नहीं हटेंगे। इस घटना के बाद राज्य में विपक्ष लगातार सरकार पर छात्रों की मांगों की अनदेखी करने और आंदोलन को दबाने का आरोप लगा रहा है।
इनपुट: IANS



