सीतामढ़ी: खेत में जंगली सुअर के लिए बिछाया गया करंट, पति-पत्नी समेत 3 लोगों की दर्दनाक मौत
बिहार के सीतामढ़ी जिले में शनिवार तड़के एक खेत में जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से एक ही परिवार के दो सदस्यों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। समाचार एजेंसी…
बिहार के सीतामढ़ी जिले में शनिवार तड़के एक खेत में जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से एक ही परिवार के दो सदस्यों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल भी हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
यह घटना बैरगनिया प्रखंड के अक्ता पश्चिमी चकवा पंचायत स्थित तकिया टोला के वार्ड-5 में हुई। जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब तीन बजे मोहम्मद इस्लाम मंसूरी की भैंस खूंटे से खुलकर कहीं चली गई। वह अंधेरे में ही उसे ढूंढने निकले थे, जब वे एक धान के खेत में बिछाए गए नंगे बिजली के तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
एक-दूसरे को बचाने में गई जान
जब काफी देर तक इस्लाम मंसूरी घर नहीं लौटे, तो उनकी पत्नी रुबैदा खातून उन्हें खोजने निकलीं। खेत में पति को बेसुध पड़ा देख जैसे ही उन्होंने उन्हें बचाने की कोशिश की, वह भी करंट की चपेट में आ गईं और उनकी भी जान चली गई। इसी दौरान मौके पर पहुंचे गांव के ही एक अन्य व्यक्ति असमत अली भी इन दोनों को बचाने के प्रयास में करंट का शिकार हो गए और उनकी भी मौत हो गई।
प्रशासन की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से दो जंगली सुअरों के शव भी बरामद हुए हैं, जिससे यह आशंका पुख्ता हो गई है कि धान की फसल को बचाने के लिए ही खेत के चारों ओर करंट दौड़ाया गया था। पुलिस इस बात की छानबीन कर रही है कि खेत में इस तरह गैर-कानूनी तरीके से बिजली का तार किसने लगाया था।
इनपुट: IANS



