मंगलवार, 1 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
बिहार

बिहार शिक्षक भर्ती: समान अवसर की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री के आवास पर जुटे CTET अभ्यर्थी

बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) के नियमों को लेकर केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) के अभ्यर्थी नाराज हैं। मंगलवार को बड़ी संख्या में ये अभ्यर्थी पटना में राज्य के शिक्षा मंत्री मिथिलेश…

बिहार शिक्षक भर्ती: समान अवसर की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री के आवास पर जुटे CTET अभ्यर्थी
(फोटो: IANS)

बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) के नियमों को लेकर केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) के अभ्यर्थी नाराज हैं। मंगलवार को बड़ी संख्या में ये अभ्यर्थी पटना में राज्य के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास पर जमा हुए और उन्होंने STET (राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा) के उम्मीदवारों की तरह ही TRE-4 में आवेदन करने का मौका दिए जाने की मांग उठाई।

विज्ञापन

समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने सरकार के दोहरे मापदंड पर सवाल उठाया। उनका कहना था कि अगर STET में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को शिक्षक भर्ती के चौथे चरण में मौका दिया जा सकता है, तो CTET अभ्यर्थियों को इससे वंचित क्यों रखा जा रहा है?

"समानता का अधिकार तो हमें भी है"

आंदोलन में शामिल अभ्यर्थी शोभा कुमारी ने संविधान में दिए गए समानता के अधिकार का हवाला दिया। उन्होंने कहा, "अगर एसटीईटी वालों को मौका मिल रहा है तो सीटीईटी वालों को भी मिलना चाहिए। हम कई वर्षों से तैयारी कर रहे हैं और योग्य विद्यार्थियों को एक बार तो मौका दिया ही जाना चाहिए।"

एक अन्य अभ्यर्थी रोमा कुमारी ने कहा कि वे शिक्षा मंत्री से अनुरोध करने आए हैं कि उन्हें भी कुछ दिनों की छूट दी जाए, ठीक वैसे ही जैसे STET वालों को दी गई है। वहीं, धीरज कुमार ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा, "यह कौन सा तरीका है कि सरकार एसटीईटी वालों को जगह दे और सीटीईटी वालों को नहीं? हम सरकार से खाने की मांग नहीं, बल्कि अपनी योग्यता साबित करने का एक मौका मांग रहे हैं।"

पुराने नियमों का दिया हवाला

छात्र नेता नरेंद्र सिंह यादव ने पिछली भर्तियों का उदाहरण देते हुए अपनी मांग रखी। उन्होंने कहा, "हमारी मांग है कि जिस तरह बीपीएससी टीआरई 1.0 में CTET में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को मौका दिया गया था और हाल ही में एसटीईटी 2026 के उम्मीदवारों को टीआरई 4.0 में शामिल होने की इजाजत दी गई, उसी नीति का पालन किया जाना चाहिए।" मोहम्मद यासीन नाम के एक अन्य प्रदर्शनकारी ने भी कहा कि CTET अभ्यर्थियों के साथ गलत व्यवहार किया जा रहा है और उन्हें भी STET उम्मीदवारों के बराबर अवसर मिलना चाहिए।

इनपुट: IANS

N

News4Social बिहार डेस्क

News4Social बिहार डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से बिहार से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →