सहरसा: बंद घर में मिला BJP युवा मोर्चा के महामंत्री का शव, गोली मारकर हत्या की आशंका
बिहार के सहरसा जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक जिला महामंत्री की हत्या का मामला सामने आया है। शुक्रवार को उनका शव उनके अपने ही घर से बरामद किया गया, जो अंदर से बंद था। समाचार एजेंसी IANS की…
बिहार के सहरसा जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक जिला महामंत्री की हत्या का मामला सामने आया है। शुक्रवार को उनका शव उनके अपने ही घर से बरामद किया गया, जो अंदर से बंद था। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, मृतक की पहचान 26 वर्षीय अभिजीत सिंह राजपूत उर्फ राजा के रूप में हुई है, जो हाल ही में भाजयुमो के जिला महामंत्री बनाए गए थे।
पुलिस को शक है कि अभिजीत की हत्या बुधवार देर रात ही कर दी गई थी। उनका शव सहरसा के सदर थाना क्षेत्र स्थित गौतम नगर के एक मकान में बेडरूम से मिला, जहाँ वे अकेले रहते थे। शुरुआती जांच में गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है।
दो दिन से नहीं उठ रहा था फोन
इस घटना का खुलासा तब हुआ जब अभिजीत के एक दोस्त ने उन्हें लगातार फोन किया, लेकिन दो दिनों तक कोई जवाब नहीं मिला। चिंता होने पर दोस्त उनके घर पहुँचा, तो कमरा अंदर से बंद पाया। खिड़की से झाँकने पर दोस्त ने अभिजीत को बिस्तर पर खून से लथपथ और चेहरे पर तकिया ढका हुआ देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर दरवाज़ा तोड़ा और शव को कब्जे में लिया। कमरे से तेज़ बदबू भी आ रही थी, जिससे अंदेशा है कि शव दो दिन पुराना है।
जांच में जुटी पुलिस और FSL टीम
सहरसा सदर के एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह गोली मारकर हत्या का मामला लग रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि बुधवार को अभिजीत अपने कुछ दोस्तों के साथ एक पार्टी में गए थे। पुलिस उन सभी दोस्तों से पूछताछ कर रही है, जिनसे वह आखिरी बार मिले थे। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुँचकर सबूत जुटाए हैं और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
दिवंगत हर्षवर्धन सिंह के बेटे अभिजीत को 24 अगस्त को ही भाजयुमो के जिला महामंत्री पद की जिम्मेदारी मिली थी। उनका पैतृक गांव सुपौल जिले में है, जबकि वह सहरसा में अपने मकान में रहते थे। उनका छोटा भाई दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहा है।
इनपुट: IANS



