भागलपुर: बिहार के ऊर्जा मंत्री के गांव में टूटा राघोपुर-नरकटिया बांध, कई इलाकों में फैला पानी
बिहार के भागलपुर जिले में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब राघोपुर-नरकटिया तटबंध का एक हिस्सा टूट गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना राज्य के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ…
बिहार के भागलपुर जिले में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब राघोपुर-नरकटिया तटबंध का एक हिस्सा टूट गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना राज्य के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल के पैतृक गांव राघोपुर में हुई। देर रात करीब तीन बजे तटबंध में हुए इस कटाव के बाद आसपास के इलाकों में तेजी से पानी फैलना शुरू हो गया, जिससे लोगों में अफरातफरी मच गई।
कटाव की यह घटना जल संसाधन विभाग के कैंप कार्यालय के ठीक पास हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। पानी का फैलाव बढ़ता देख प्रभावित क्षेत्र के लोग सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर पलायन करने लगे हैं।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा, मरम्मत कार्य जारी
जल संसाधन विभाग के इंजीनियरों की एक टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तटबंध की मरम्मत के काम में जुट गई है। इस मुश्किल घड़ी में स्थानीय ग्रामीण भी अधिकारियों का पूरा सहयोग कर रहे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भागलपुर के जिलाधिकारी (DM) और नवगछिया के पुलिस अधीक्षक (SP) ने भी घटनास्थल का दौरा किया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
नवगछिया के एसडीपीओ अनिकेत अमर के नेतृत्व में पुलिस बल भी मौके पर तैनात है। पुलिस की ओर से प्रभावित गांवों में लाउडस्पीकर के जरिए घोषणा की जा रही है, जिसमें लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित जगहों पर चले जाने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है। फिलहाल, कटाव को भरने और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास लगातार जारी हैं।
इनपुट: IANS



