Bihar News : मंगल पाण्डेय ने तेजस्वी यादव को दी नसीहत, कहा- उनको जंगलराज का आइना देखना चाहिए h3>
बिहार की राजनीति में इन दिनों कानून-व्यवस्था और अपराधियों पर हो रही पुलिसिया कार्रवाई को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आरोपों पर पलटवार करते हुए पूर्व मंत्री मंगल पांडेय ने तीखा हमला बोला है। मंगल पांडेय ने तेजस्वी यादव के आरोपों को पूरी तरह से गलत और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई को जातिगत बताना बेहद गैर-जिम्मेदाराना है और यह राष्ट्रीय जनता दल की पुरानी जंगलराज वाली मानसिकता को दिखाता है।
तेजस्वी को जंगलराज का आईना देखना चाहिए
भाजपा नेता मंगल पांडेय ने लालू-राबड़ी सरकार के 15 वर्षों के शासनकाल की याद दिलाते हुए तेजस्वी यादव को घेरा। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को कोई भी बयान देने से पहले अपने दल का इतिहास देख लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार के थानों और सत्ता में जाति देखकर फैसले होते थे, जिससे गरीब और बेसहारा लोगों को न्याय नहीं मिलता था, लेकिन आज की सरकार में ऐसा बिल्कुल नहीं है। मंगल पाण्डेय ने कहा कि हत्या, लूट या रंगदारी करने वाला अपराधी चाहे किसी भी जाति या वर्ग का हो, कानून सबके लिए बराबर है।
यह खबर भी पढ़ें-http://Bihar News : नीतीश कुमार पहुंचे डिप्टी सीएम विजय चौधरी के घर, बंद कमरे में हुई गुप्त बैठक; सियासी सरगर्मी तेज
पुलिस की गोली जाति पूछकर नहीं चलती
मंगल पांडेय ने तेजस्वी यादव को सलाह देते हुए कहा कि वह अफवाह न फैलाएं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर अपराधी गोली चलाएगा, तो पुलिस भी उसका मुंहतोड़ जवाब देगी। पुलिस की गोली कभी किसी की जाति या धर्म पूछकर नहीं चलती। सरकार की कार्रवाई पूरी तरह से निष्पक्ष है।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar Boat Capsizes: पटना में बड़ा हादसा, नाव डूबने से दो की मौत, पांच लापता; 14 सवार में ज्यादा महिलाएं
पुलिस बिना जाति या धर्म पूछे मदद के लिए पहुंचती है
सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए पूर्व मंत्री मंगल पाण्डेय ने कहा कि आज बिहार बदल चुका है और न्याय के साथ विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने डायल-112 सेवा की तारीफ करते हुए कहा कि आज जब भी कोई नागरिक संकट में होने पर 112 नंबर पर कॉल करता है, तो पुलिस बिना जाति या धर्म पूछे महज 15 मिनट के भीतर मदद के लिए पहुंच जाती है। आज के बिहार में कानून का राज है और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

