Bihar News: बाजार में आग के बाद अब रोजी-रोटी पर संकट, पीड़ितों से मिलने पहुंचे विधायक; लोगों ने किया विरोध h3>
मधुबनी के हरलाखी प्रखंड क्षेत्र के उमगांव बाजार में बीते दिनों लगी भीषण आग ने कई दुकानदारों की रोज़ी-रोटी पर संकट खड़ा कर दिया। तीन फल दुकानों समेत कई अन्य दुकानें जलकर खाक हो गईं। लाखों का नुकसान झेलने वाले परिवार अब मुआवजे और सहायता की राह देख रहे हैं।
इसी कड़ी में बीती रात हरलाखी जदयू विधायक सुधांशु शेखर पीड़ित परिवारों से मिलने उमगांव पहुंचे। मौके पर विधायक ने प्रभावित दुकानदारों को ढाई हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की बात कही। लेकिन आग से सब कुछ खो चुके दुकानदारों ने इस मदद को नाकाफी बताया और विधायक से कम से कम दस हजार रुपये की सहायता की मांग की।
लोगों का गुस्सा फूट पड़ा
विधायक द्वारा बढ़ी हुई राशि देने से इनकार करने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते माहौल गरमा गया। ग्रामीणों ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना था कि चुनावी वर्ष होने की वजह से विधायक सिर्फ दिखावे के लिए पहुंचे थे, जबकि उन्हें असली मदद की ज़रूरत है।
पीड़ित दुकानदारों ने कहा कि ढाई हजार रुपये में आखिर जली हुई दुकानें और बर्बाद हुआ सामान कैसे वापस आएगा। वहीं, विधायक सुधांशु शेखर का कहना था कि विरोध उनके खिलाफ नहीं, बल्कि राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल के लोग योजनाबद्ध तरीके से ग्रामीणों को भड़का रहे हैं।
ये भी पढ़ें- Chandra Grahan 2025: क्या है चंद्र ग्रहण का समय ? और कब से लगेगा सूतक काल, यहां जानें समय और प्रभाव
मुआवजे की मांग
एक ओर लोग मुआवजे की मांग कर रहे हैं, तो दूसरी ओर नेताओं पर औपचारिकता निभाने का आरोप लगाया जा रहा है। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर इन पीड़ित परिवारों को वास्तविक सहायता कब और किस स्तर पर मिलेगी। उमगांव बाजार में आग से तबाही झेल रहे परिवार अब सरकार और प्रशासन से ठोस कदम उठाने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
ये भी पढ़ें- Maharashtra: मुंबई में धमाकों की धमकी देने वाला नोएडा से गिरफ्तार; ‘लश्कर-ए-जिहादी’ के नाम से भेजा था संदेश

