Bihar News: जीजा पर नाबालिग साली से दुष्कर्म का आरोप, कुवांरी मां बनने के बाद नवजात की मौत; मामला दर्ज h3>
बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ उसके जीजा द्वारा दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नवजात शिशु की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
परिवार की गरीबी और लाचारी की स्थिति
जानकारी के मुताबिक, मझौलिया के रत्नमाला पंचायत के एक छोटे से गांव में रहने वाली किशोरी की मां वर्षों पहले गुजर चुकी थी। पिता आंखों की रोशनी खो चुके थे और घर में गरीबी व लाचारी का माहौल था। बड़ी बहन का पति लक्ष्मण दास सिसवनिया, चनपटिया निवासी, परिवार के लिए सहारा बनना चाहिए था।
यह भी पढ़ें- Bihar: सरकारी अस्पताल के प्रसूता वार्ड से सामने आई चौंकाने वाली तस्वीर, मरीज के टांके लगाते दिखी सफाई कर्मी
आरोपी जीजा ने महीनों किया दुष्कर्म
लक्ष्मण दास ने अंधे ससुर की लाचारी और नाबालिग साली की मासूमियत का फायदा उठाया। उसने डरा-धमकाकर महीनों तक किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। जब किशोरी गर्भवती हो गई, तब भी आरोपी नहीं रुका। 31 दिसंबर की रात किशोरी प्रसव पीड़ा से कराह रही थी। अस्पताल ले जाते समय चलते ऑटो में उसने बच्चे को जन्म दिया। नवजात को जीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार को मां ने उसे दूध पिलाया और सुलाया, लेकिन छह दिन के बच्चे की सांसें थम गईं। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव नाबालिग मां को सौंपा, जिससे अस्पताल के गलियारे सिसकियों से गूंज उठे।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
प्रभारी थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि अंधे पिता की शिकायत पर आरोपी दामाद लक्ष्मण दास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीमें लगातार छापामारी कर रही हैं और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।

