Bihar News: जिप चुनाव से पहले बवाल, पार्षद के अपहरण का आरोप, दूसरे सदस्य पर हमला h3>
जिला परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले दरभंगा की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। जिला परिषद सदस्य हबीबुल्लाह हाशमी पर हमले और एक अन्य जिला पार्षद को जबरन ले जाने के आरोपों ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है और पूरे मामले को गंभीरता से देखा जा रहा है।
न्यू खाजासराय में पार्षद की गाड़ी रोककर हमला
जानकारी के अनुसार, लहेरियासराय थाना क्षेत्र के न्यू खाजासराय मोहल्ले में हबीबुल्लाह हाशमी की गाड़ी को आगे-पीछे वाहन लगाकर रोक लिया गया। आरोप है कि इसके बाद उनके चालक के साथ मारपीट की गई। हबीबुल्लाह हाशमी को भी गाड़ी से खींचकर बाहर निकाला गया और उन पर हमला किया गया। इस हमले में उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। चालक के भी घायल होने की बात सामने आई है।
जिला पार्षद को जबरन ले जाने का आरोप
घटना के दौरान बहेड़ी क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य डॉ. सुभान को भी जबरन वाहन से उतारकर अज्ञात स्थान पर ले जाने का आरोप लगाया गया। इससे जिला परिषद की राजनीति में हड़कंप मच गया। हालांकि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डॉ. सुभान को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद स्थिति कुछ हद तक सामान्य हुई, लेकिन अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक तनाव खुलकर सामने आ गया है।
10 जून को होना है नए अध्यक्ष का चुनाव
दरअसल, जिला परिषद अध्यक्ष सीता देवी के खिलाफ रेणु देवी ने अविश्वास प्रस्ताव लाया था। अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद सीता देवी को अध्यक्ष पद गंवाना पड़ा। अब 10 जून को जिला परिषद की विशेष बैठक में नए अध्यक्ष का चुनाव होना है। चुनाव को लेकर रेणु देवी और सीता देवी दोनों ही अपने-अपने पक्ष में जिला पार्षदों का समर्थन जुटाने में लगी हुई हैं। ऐसे में इस घटना ने राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ा दी है।
ये भी पढ़ें- परीक्षा का प्रश्नपत्र वायरल करने वाला शिक्षक गिरफ्तार, मोबाइल से खींची थी फोटो; सबूत मिटाने हुई कोशिश
पूर्व अध्यक्ष रेणु देवी ने लगाए गंभीर आरोप
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रेणु देवी ने तत्काल एसएसपी जगुनाथ रेड्डी और बहादुरपुर थाना पुलिस को सूचना दी। रेणु देवी ने कहा कि पुलिस की सक्रियता के कारण कथित अपहरण की साजिश विफल हो गई और डॉ. सुभान को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। उन्होंने बहादुरपुर थाना पुलिस की तत्परता की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों पर हमला करना और उन्हें डराकर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश करना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव कराने की मांग की।
सीता देवी ने आरोपों से किया किनारा
वहीं निवर्तमान जिला परिषद अध्यक्ष सीता देवी ने इस पूरे मामले से खुद को पूरी तरह अलग बताया है। उन्होंने कहा कि उनका या उनके किसी सहयोगी का इस घटना से कोई संबंध नहीं है। सीता देवी का आरोप है कि विपक्षी गुट राजनीतिक लाभ लेने के लिए अफवाह फैला रहा है।
पुलिस ने कहा- आवेदन के आधार पर होगी कार्रवाई
लहेरियासराय थानाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने बताया कि पीड़ित पक्ष से आवेदन लिया जा रहा है। आवेदन मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

